डीएम—एसपी ने पारले चीनी मिल के पेराई सत्र का किया शुभारम्भ

तेजस टूडे ब्यूरो
अब्दुल शाहिद
बहराइच। जिलाधिकारी राजेश पाण्डेय ने पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्वत सहित अन्य अधिकारियों, क्षेत्रीय गणमान्य व संभ्रान्तजनों तथा प्रगतिशील गन्ना कृषकों के साथ वैदिक मंत्रोचार के बीच पारले चीनी मिल, परसेण्डी के डोंगा में गन्ना डालकर पेराई सत्र 2026-27 का शुभारम्भ किया। पेराई सत्र के शुभारम्भ अवसर पर मिल गेट पर पहली तौल कराने बैलगाड़ी से आए तहसील कैसरगंज के ग्राम मूसेपुरवा निवासी माधवराज व ट्रैक्टर से आए तहसील महसी के ग्राम पढुहिया के पेशकार वर्मा के ट्रैक्टर व बैलगाड़ी का पूजनकर किसानों को सम्मानित किया गया तथा कांटे की पूजा कर पेराई सत्र के लिए गन्ना तौल का श्रीगणेश किया गया।
जिलाधिकारी श्री पाण्डेय ने कहा कि पारले चीनी मिल की स्थापना से क्षेत्रीय कृषकों विशेषकर गन्ना कृषकों की आर्थिक उन्नति होने से इस क्षेत्र का विकास हुआ है। मिल अधिकारियों व गन्ना कृषकों का आह्वान किया गया कि एक दूसरे के हितों को सर्वाेपरि रखते हुए मिल का संचालन कर पेराई सत्र में नये आयाम स्थापित करें। डीएम श्री पाण्डेय द्वारा कृषकों से अपील की गई कि फसल अवशेषों व पराली को खेत में न जलायें, बल्कि उसका वैज्ञानिक विधि से निस्तारण करें ताकि भूमि की उर्वरा शक्ति बनी रहे। डीएम ने कृषकों से यह भी अपील किया कि अपने आस-पास स्थापित गो संरक्षण केन्द्रों को पराली व फसल अवशेष दानकर गौ संरक्षण जैसे पुनीत कार्य में भागीदार बने। मिल अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि कृषकों को गन्ना मूल्य का भुगतान समय से व सुगमतापूर्वक कराया जाय।
चीनी मिल के महाप्रबन्धक अनिल सखूजा ने बताया कि सत्र 2026-27 के लिए मिल द्वारा 80 लाख कुण्टल गन्ना पेराई का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। कृषकों को गेहूॅ की बुवाई में किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए में मिल के पेराई सत्र का श्रीगणेश कर दिया गया है। श्री सखूजा ने किसानों को सुझाव दिया कि मिल को साफ-सुथरा गन्ना की आपूर्ति करें तथा शरदकालीन बुवाई में अधिक से अधिक क्षेत्रफल में उन्नतशील गन्ना प्रजातियों की बुवाई करें जिससे जहां कृषकों को उनकी उपज का अधिक मूल्य प्राप्त होगा, वहीं चीनी मिल भी निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप गन्ने की पेराई करने में सफल होगी।
इस अवसर पर कारखाना प्रबंधक अनिल यादव, एसोसिएट मुख्य गन्ना प्रबंधक संजीव राठी, जगतार सिंह, वहाजुद्दीन, ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि मुन्ना सिंह, थानाध्यक्ष राजकुमार राजभर, राजन सिंह, चौकी इंचार्ज अजीत त्रिपाठी, रमेश तिवारी, श्रवण कुमार सहित क्षेत्र के अनेक गणमान्य नागरिक और प्रगतिशील गन्ना किसान मौजूद रहे।







