जिलाधिकारी ने डिस्ट्रिक्ट कान्टैक्ट सेण्टर एवं आईजीआरएस सेल का किया निरीक्षण
तेजस टूडे ब्यूरो
बृजेन्द्र कुमार
हमीरपुर। जनशिकायतों के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण तथा निर्वाचन संबंधी शिकायतों के प्रभावी समाधान को लेकर जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अशोक कुमार ने डिस्ट्रिक्ट कॉन्टैक्ट सेंटर, आईजीआरएस सेल एवं संबंधित व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने ई-डिस्ट्रिक्ट मैनेजर चक्रेश त्रिवेदी से सेंटर की कार्यप्रणाली, प्राप्त शिकायतों एवं फीडबैक प्रक्रिया की जानकारी लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि निर्वाचन संबंधी 1950 टोल-फ्री हेल्पलाइन पर प्राप्त होने वाली प्रत्येक शिकायत का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। साथ ही शिकायतकर्ता से फीडबैक लेकर निस्तारण का सत्यापन भी कराया जाए, ताकि शिकायतों के समाधान की वास्तविक स्थिति सुनिश्चित हो सके।
उन्होंने आईजीआरएस के माध्यम से प्राप्त संदर्भों के निस्तारण में विशेष सतर्कता बरतने तथा प्रदेश में जनपद की वर्तमान तीसरी रैंक को और बेहतर बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी शिकायत के निस्तारण में अनावश्यक विलंब अथवा डिफॉल्टर की स्थिति उत्पन्न होने पर संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी से स्पष्टीकरण प्राप्त कर आवश्यक कार्रवाई की जाय।
जिलाधिकारी ने अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) राकेश कुमार को डिस्ट्रिक्ट कॉन्टैक्ट सेंटर की नियमित मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए। साथ ही ई-डिस्ट्रिक्ट मैनेजर एवं संबंधित अधिकारियों को आईजीआरएस और शिकायत निस्तारण व्यवस्था को और प्रभावी बनाने तथा सोशल मीडिया सेल के माध्यम से विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर प्राप्त होने वाली शिकायतों एवं जनसमस्याओं की निरंतर निगरानी करने को कहा। जनशिकायतों एवं निर्वाचन संबंधी मामलों का निस्तारण प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में है। इसमें पारदर्शिता, समयबद्धता एवं जवाबदेही सुनिश्चित की जाय, ताकि आमजन को उनकी समस्याओं का त्वरित एवं प्रभावी समाधान मिल सके।











