कार्तिक पूर्णिमा मेले की तैयारियों का डीएम-एसपी ने लिया जायजा
अधिकारियों को दिये गये सख्त निर्देश, जर्जर सड़कों को मेला पूर्व दुरुस्त कराने पर जोर

तेजस टूडे सं.
बृजेन्द्र कुमार
डलमऊ, रायबरेली। आगामी 24 नवंबर को गंगा तट डलमऊ पर आयोजित होने वाले प्रांतीय कार्तिक पूर्णिमा मेले को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह से सक्रिय हो गया है। मेले में लाखों की संख्या में श्रद्धालु गंगा स्नान के लिए पहुंचते हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका और पुलिस अधीक्षक रवि कुमार ने शुक्रवार को विभागीय अधिकारियों के साथ मेला क्षेत्र एवं डलमऊ महोत्सव स्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान विभिन्न विभागों द्वारा कराए जाने वाले कार्यों में शिथिलता मिलने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताते हुए संबंधित अधिकारियों को सख्त निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि मेले से पूर्व सभी तैयारियां निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरी कर ली जायं। विशेष रूप से जर्जर सड़कों की मरम्मत, गंगा स्नान घाटों की सफाई एवं समतलीकरण के साथ श्रद्धालुओं की सुरक्षा और आवागमन की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाय। डीएम और एसपी ने मेला क्षेत्र का जायजा लेते हुए संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने के निर्देश दिये। उन्होंने सभी विभागों के अधिकारियों से कहा कि प्रांतीय कार्तिक पूर्णिमा मेले में आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिये। प्रशासन का जोर मेले से पहले सभी व्यवस्थाओं को दुरुस्त कर श्रद्धालुओं के लिए सुरक्षित और सुविधाजनक माहौल उपलब्ध कराने पर है।







