संविधान के मूल्यों को आत्मसात कर जिम्मेदार नागरिक बनें विद्यार्थी: विनोद

  • संविधान के मूल्यों को आत्मसात कर जिम्मेदार नागरिक बनें विद्यार्थी: विनोद

तेजस टूडे ब्यूरो
सुधीर सोनी
गोण्डा। संविधान दिवस पर राधे फाउण्डेशन के तत्वावधान में कम्पोजिट विद्यालय पैड़ीबरा में निबंध प्रतियोगिता का आयोजन हुआ। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्र-छात्राओं को भारतीय संविधान के महत्व, मौलिक अधिकारों, कर्तव्यों तथा लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति जागरूक करना रहा। कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय के प्रधानाध्यापक विनोद तिवारी ने किया। मुख्य अतिथि के रूप में फार्मासिस्ट डॉ. मनोज शुक्ल उपस्थित रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अध्यक्षता कर रहे प्रधानाध्यापक विनोद तिवारी ने कहा कि भारतीय संविधान केवल देश को संचालित करने वाला कानूनी दस्तावेज नहीं, बल्कि भारत की एकता, अखंडता, समानता और सामाजिक न्याय का आधार है। संविधान ने प्रत्येक नागरिक को समान अधिकार और सम्मान के साथ जीवन जीने का अवसर प्रदान किया है। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि वे संविधान में निहित आदर्शों को केवल पुस्तकों तक सीमित न रखें, बल्कि अपने व्यवहार और जीवन में भी अपनाएं। उन्होंने विशेष रूप से शिक्षा, अनुशासन, आपसी सद्भाव और कर्तव्यनिष्ठा को एक अच्छे नागरिक की पहचान बताते हुए कहा कि आज के विद्यार्थी ही कल के जिम्मेदार नागरिक और राष्ट्र के निर्माता हैं।
मुख्य अतिथि ने कहा कि संविधान दिवस हमें अपने अधिकारों के साथ-साथ अपने कर्तव्यों का भी स्मरण कराता है। संविधान ने हमें अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता, समानता और न्याय का अधिकार दिया है लेकिन इन अधिकारों की सार्थकता तभी है जब हम दूसरों के अधिकारों का भी सम्मान करें। जाति, धर्म, भाषा और क्षेत्र से ऊपर उठकर एक-दूसरे के प्रति सम्मान एवं सहयोग की भावना रखना ही संविधान की वास्तविक भावना है। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि वे संविधान का अध्ययन करें, देश के महापुरुषों के विचारों को जानें और अपने ज्ञान एवं संस्कारों से समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का संकल्प लें।
संस्था के सचिव रजनीकान्त तिवारी ने कहा कि राधे फाउण्डेशन का उद्देश्य शिक्षा के माध्यम से समाज में जागरूकता, समानता और स्वावलंबन की भावना को मजबूत करना है। संविधान दिवस जैसे आयोजन विद्यार्थियों को अपने अधिकारों के प्रति सजग बनाने के साथ ही उनमें सामाजिक जिम्मेदारी और राष्ट्र के प्रति समर्पण का भाव विकसित करते हैं। निबंध प्रतियोगिता जैसी गतिविधियां बच्चों की रचनात्मकता, विचार क्षमता और अभिव्यक्ति कौशल को निखारने का बेहतर माध्यम हैं। संस्था भविष्य में भी विद्यालयों के माध्यम से शिक्षा, जागरूकता और सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यक्रम आयोजित करती रहेगी।
इस अवसर पर संस्थाध्यक्ष बृजेश तिवारी, कप्तान शुक्ल, शिक्षक विवेक विक्रम सिंह, प्रमोद सतवलिया, लव तिवारी सहित विद्यालय के शिक्षक, अभिभावक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। अंत में विद्यार्थियों को संविधान के आदर्शों का सम्मान करने, अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने तथा राष्ट्र और समाज के प्रति अपने कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने का संदेश दिया गया।