संविधान के आदर्शों को आत्मसात करना हर नागरिक का दायित्व: मण्डलायुक्त

तेजस टूडे ब्यूरो
मुकेश तिवारी
झांसी। संविधान दिवस पर गुरुवार को आयुक्त सभागार में मंडलायुक्त कृष्ण कुमार की अध्यक्षता में संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन एवं शपथ ग्रहण कार्यक्रम किया गया। इस दौरान मंडलायुक्त ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को संविधान की प्रस्तावना का वाचन कराते हुए न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व के मूल्यों को जीवन में अपनाने का संकल्प दिलाया। उन्होंने कहा कि भारतीय संविधान हमारे लोकतंत्र की आधारशिला है। इसमें निहित आदर्शों को आत्मसात करना प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। संविधान ही देश की एकता, अखंडता और लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूती प्रदान करता है। इस अवसर पर अपर आयुक्त न्यायिक प्रियंका सिंह, एडी सूचना सुरजीत सिंह, प्रशासनिक अधिकारी जसवंत चौरसिया सहित आयुक्त कार्यालय के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।







