सैनिक इण्टर कालेज में छात्र-छात्राओं को यातायात नियमों के प्रति किया गया जागरूक
‘राहवीर’ व ‘पीएम राहत योजना’ की दी गयी जानकारी

तेजस टूडे ब्यूरो
अब्दुल शाहिद
बहराइच। जनपद में 1 से 30 नवंबर तक मनाए जा रहे यातायात माह व सड़क सुरक्षा पखवाड़ा के अंतर्गत गुरुवार को शहर के सैनिक इंटर कॉलेज में यातायात जागरूकता अभियान चलाया गया। इस दौरान स्कूली छात्र-छात्राओं और कॉलेज स्टाफ को सड़क सुरक्षा व यातायात के नियमों के प्रति जागरूक किया गया।यह जागरूकता अभियान पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव और अपर पुलिस अधीक्षक नगर आयुष विक्रम सिंह के निर्देशन तथा क्षेत्राधिकारी यातायात राज सिंह के नेतृत्व में आयोजित हुआ।
इस दौरान यातायात निरीक्षक राम प्रकाश यादव और उप निरीक्षक यातायात जितेंद्र सिंह ने अपनी टीम के साथ छात्र-छात्राओं को जीवन में सड़क सुरक्षा के महत्व के बारे में विस्तार से बताया। अधिकारियों ने विद्यार्थियों से स्वयं यातायात नियमों का पालन करने के साथ-साथ अपने परिजनों और परिचितों को भी नियम मानने के लिए प्रेरित करने की अपील किया। इसके अतिरिक्त छात्र-छात्राओं और वहां मौजूद स्कूल स्टाफ को शासन द्वारा संचालित राहवीर योजना तथा पीएम राहत योजना के संबंध में भी जानकारी देकर जागरूक किया गया।







