सीएचसी फखरपुर में मना विशेष परिवार नियोजन दिवस
251 लाभार्थियों को मिली सेवा

तेजस टूडे ब्यूरो
अब्दुल शाहिद
बहराइच। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फखरपुर में परिवार कल्याण कार्यक्रम के अंतर्गत विशेष परिवार नियोजन (नियत सेवा) दिवस का आयोजन हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने फीता काटकर किया। इस विशेष दिवस का मुख्य उद्देश्य परिवार नियोजन की अपूर्ण मांग को पूरा करना तथा लोगों को इसके प्रति जागरूक करना रहा। शिविर के दौरान स्वास्थ्य टीम द्वारा दंपतियों को परिवार नियोजन से जुड़ा आवश्यक परामर्श दिया गया और इच्छुक लाभार्थियों को ‘बास्केट ऑफ चॉइस’ के अनुसार विभिन्न साधनों की सेवाएं उपलब्ध कराई गईं।
अभियान के तहत कुल 251 लाभार्थियों को परिवार नियोजन की सेवाओं से लाभान्वित किया गया। इसमें 36 महिलाओं का नसबंदी के लिए पंजीकरण किया गया, जबकि 82 को अंतरा इंजेक्शन, 7 को आईयूसीडी, 5 को पीपीआईयूसीडी, 41 को छाया गोली, 25 को माला-एन तथा 52 लाभार्थियों को कंडोम/निरोध का वितरण किया गया। जनजागरूकता बढ़ाने के लिए कार्यक्रम में लोक कला (फोल्क मीडिया शो) के माध्यम से मनोरंजक प्रस्तुति दी गई। इसके साथ ही मोबाइल वैन के जरिए बाल विवाह रोकथाम, अशिक्षा उन्मूलन तथा शिशु एवं मातृ स्वास्थ्य से संबंधित लघु फिल्में, जिंगल्स और रील्स दिखाकर ग्रामीणों को संदेश दिया गया।
इस अवसर पर सीएचसी अधीक्षक डॉ. वासुदेव वर्मा, जिला कार्यक्रम प्रबंधक मोहम्मद राशिद, बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. आरबी वर्मा, चिकित्साधिकारी डॉ. शशिभूषण यादव, डॉ. विनोद वर्मा, डॉ. मुकेश मिश्रा, नसबंदी सर्जन डॉ. शिशिर कुमार, ब्लॉक लेखा प्रबंधक रमाकांत पाठक, बीसीपीएम मोहम्मद शकील सिद्दिकी, परामर्शदाता धर्मवीर, पापुलेशन फाउंडेशन ऑफ इंडिया से डॉ. साफिया जमीर, रामबरन यादव सहित समस्त सीएचओ, स्टाफ नर्स, एएनएम, आशा संगिनी और आशा कार्यकर्ता मौजूद रहीं।







