कार्तिक पूर्णिमा मेले में बड़ा मठ एवं समाजसेवियों ने पेश की मिसाल

  • कार्तिक पूर्णिमा मेले में बड़ा मठ एवं समाजसेवियों ने पेश की मिसाल

  • सेवा, समर्पण एवं मानवता के भाव से श्रद्धालुओं एवं बेजुबानों की सेवा करके दिखायी मानवता

तेजस टूडे सं.
बृजेन्द्र कुमार
डलमऊ, रायबरेली। ऐतिहासिक नगरी डलमऊ में बीते 23 एवं 24 नवंबर को आयोजित प्रांतीय कार्तिक पूर्णिमा मेले में भले ही श्रद्धालुओं की भीड़ उम्मीद से कम रही हो, लेकिन सेवा और समर्पण का बेहतरीन मिसाल दिखाई पड़ी। बड़ा मठ डलमऊ एवं विभिन्न समाजसेवियों ने श्रद्धालुओं के साथ बेजुबान पशुओं की सेवा कर मानवता और संवेदनशीलता की अनूठी मिसाल पेश की।
मां गंगा के पावन तट पर स्नान और पूजन के लिए दूर-दराज से पहुंचे श्रद्धालुओं की सेवा में बड़ा मठ की ओर से विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने स्वामी देवेंद्र आनंद गिरि जी महाराज का आशीर्वाद प्राप्त किया और पूडी-सब्जी, दही, जलेबी, बूंदी सहित विभिन्न प्रसाद ग्रहण कर पुण्य की प्राप्ति किया।
समाजसेवी विकास सिंह ने सेवा भाव का परिचय देते हुए बैलगाड़ियों से गंगा स्नान के लिए पहुंचे श्रद्धालुओं के बैलों के लिए गुड़ और चारे की व्यवस्था की और बेजुबानों की सेवा करते हुए पशु प्रेम का संदेश दिया। श्री फाउंडेशन द्वारा चकमालिक भीटी गंगा घाट पर आए हुए हजारों श्रद्धालुओं के लिए जलपान की व्यवस्था की गई जहां समाजसेविका गीतिका द्विवेदी ने श्रद्धालुओं को भोजन वितरित किया।
कांग्रेस नेता एवं जिला पंचायत सदस्य वीरेंद्र यादव ने ‘मोहब्बत की चाय’ का स्टॉल लगाकर श्रद्धालुओं को चाय पिलाई और आपसी भाईचारे, एकता एवं सौहार्द का संदेश दिया। वहीं समाजसेवी शैलेश मिश्रा ने मेले में आए श्रद्धालुओं के ठहरने, रात्रि विश्राम और खानपान की समुचित व्यवस्था किया। बड़ा मत डलमऊ एवं समाजसेवियों द्वारा की गई पहल से दूर-दराज से आए श्रद्धालुओं को बड़ी सहूलियत मिली।
बड़ा मठ डलमऊ एवं समाजसेवियों द्वारा किए गए इन सेवा कार्यों की श्रद्धालुओं ने जमकर सराहना की और सभी को ढेरों दुआएं दीं। कार्तिक पूर्णिमा मेले में कई अन्य समाजसेवियों ने भी बढ़-चढ़कर भागीदारी निभाई और अपने तरीके से श्रद्धालुओं की सेवा में योगदान दिया। समाजसेवियों द्वारा किए गए सेवा कार्यों की सराहना पूरे क्षेत्र में हो रही है। स्वामी दिव्यानंद गिरि महाराज ने बताया कि बड़ा मठ द्वारा पिछले 35 वर्षों के अधिक समय से कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर विशाल भंडारे का आयोजन किया जाता है जो 3 दिन तक दिन और रात निरंतर चलता रहता है। भंडारे के साथ अन्य कार्यक्रमों का आयोजन किया जाता है। उन्होंने बताया कि सच्ची आस्था केवल पूजा-पाठ तक सीमित नहीं होती, बल्कि जरूरतमंदों की मदद, अतिथियों के सत्कार और बेजुबान जीवों के प्रति मानवता का वास्तविक स्वरूप सच्ची सेवा का मूल मंत्र है।