पराली जलाने से मिट्टी की उर्वरता एवं पर्यावरण को होता है नुकसान: डीएम

  • पराली जलाने से मिट्टी की उर्वरता एवं पर्यावरण को होता है नुकसान: डीएम

  • किसानों एवं आमजन को जागरूक करने के उद्देश्य से डीएम ने प्रचार वाहन को किया रवाना

तेजस टूडे ब्यूरो
देवी प्रसाद शर्मा
आजमगढ़। जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार ने कलेक्ट्रेट परिसर से पराली प्रबंधन के प्रति किसानों एवं आमजन को जागरूक करने के उद्देश्य से प्रचार वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। जिलाधिकारी ने किसानों से अपील किया कि वे फसल अवशेष प्रबंधन के वैज्ञानिक एवं पर्यावरण अनुकूल उपायों को अपनाएं तथा किसी भी परिस्थिति में पराली न जलाएं। उन्होंने कहा कि फसल अवशेषों का उचित प्रबंधन करने से जहां मिट्टी की उर्वरता एवं कृषि उत्पादकता बनी रहती है, वहीं पर्यावरण संरक्षण के साथ वायु प्रदूषण पर भी प्रभावी नियंत्रण किया जा सकता है।
जिलाधिकारी ने कहा कि फसल अवशेषों को खेतों में जलाने से पर्यावरण प्रदूषित होता है तथा खेतों में मौजूद केंचुए एवं अन्य लाभदायक सूक्ष्म जीव नष्ट हो जाते हैं। इससे मिट्टी में लाभदायक जीवाणुओं की क्रियाशीलता कम हो जाती है, भूमि की उर्वरता प्रभावित होती है तथा भविष्य में फसलों के उत्पादन में भी कमी आ सकती है, इसलिए किसान भाई पराली जलाने के बजाय उसके उचित प्रबंधन के लिए उपलब्ध वैज्ञानिक तकनीकों का प्रयोग करें।
फसल अवशेषों को खेतों में जलाने के बजाय इन-सीटू प्रबंधन के कृषि यंत्रों की सहायता से छोटे-छोटे टुकड़ों में काटकर मिट्टी में मिलाया जा सकता है। इसके उपरांत यूरिया का प्रयोग एवं सिंचाई करने से फसल अवशेषों के अपघटन में सहायता मिलती है। इससे खेतों में जैविक पदार्थों की मात्रा बढ़ती है तथा मिट्टी की गुणवत्ता में सुधार होता है।
इसके अतिरिक्त फसल अवशेषों से नाडेप कम्पोस्ट अथवा वर्मी कम्पोस्ट भी तैयार किया जा सकता है। इस विधि से पराली को उपयोगी जैविक खाद में परिवर्तित कर खेतों की उर्वरा शक्ति बढ़ाई जा सकती है। फसल अवशेषों के उचित प्रबंधन से खेत की जलधारण क्षमता में वृद्धि होती है, मिट्टी में लाभदायक जीवांश एवं केंचुओं की संख्या बढ़ती है तथा खेत की उत्पादकता में सुधार होता है। आइए, पराली न जलाएं, फसल अवशेषों का उचित प्रबंधन अपनाएं और खेतों के साथ पर्यावरण को भी सुरक्षित बनाएं। धरती को दो यह वरदान, पर्यावरण का न हो नुकसान। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी वि0/रा0 राजीव शुक्ल, उप कृषि निदेशक आशीष कुमार, जिला कृषि अधिकारी सदानंद चौधरी सहित अन्य संबंधित उपस्थित रहे।