राज्य महिला आयोग सदस्य ने 25 महिला सफाईकर्मियों को किया सम्मानित
प्रत्येक वर्ग को मिले एक समान, सम्मान एवं गरिमा: डा. प्रियंका मौर्या
तेजस टूडे ब्यूरो
एम अहमद
श्रावस्ती। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रेरणा से सामाजिक समरसता, समानता एवं महिला सम्मान की भावना को सशक्त बनाने के उद्देश्य से सदस्य राज्य महिला आयोग प्रियंका मौर्या ने 25 महिला सफाई कर्मियों के साथ सहभोज किया। इस अवसर पर सदस्या ने महिला सफाईकर्मियों के साथ आत्मीयता से भोजन ग्रहण किया तथा उनके कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि स्वच्छता कर्मी समाज की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। उनके परिश्रम एवं समर्पण से ही हमारे आसपास का वातावरण स्वच्छ एवं सुंदर बना रहता है। उनके योगदान का सम्मान करना हम सभी का दायित्व है।
इस दौरान सदस्या ने सभी 25 महिला सफाईकर्मियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। साथ ही कहा कि महिला सफाई कर्मियों का कार्य समाज के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। उनके योगदान को सम्मान देना तथा उनके मनोबल को बढ़ाना हम सभी की जिम्मेदारी है। समाज में प्रत्येक वर्ग को एकसमान सम्मान एवं गरिमा मिलनी चाहिए। यह सहभोज एवं सम्मान समारोह सामाजिक समरसता, महिला सशक्तिकरण एवं श्रम सम्मान की दिशा में एक सार्थक पहल है। महिला सफाई कर्मियों के साथ सहभोज एवं सम्मान समारोह का उद्देश्य सामाजिक भेदभाव को दूर करना, आपसी सौहार्द को बढ़ावा देना तथा श्रम के प्रति सम्मान की भावना विकसित करना है।
उन्होंने महिला सफाई कर्मियों से संवाद कर उनकी समस्याओं एवं आवश्यकताओं के संबंध में भी जानकारी प्राप्त करते हुये उनके सम्मान, सुरक्षा एवं कल्याण के प्रति प्रतिबद्धता व्यक्त किया। इस अवसर पर जिला प्रोबेशन अधिकारी मो0 मुमताज सहित अन्य अधिकारी, कर्मचारी, महिला सफाईकर्मी उपस्थित रही।











