मेडिकल कालेज में आयुष्मान कार्ड बनाने के लिये विशेष कियोस्क शुरू

तेजस टूडे ब्यूरो
अब्दुल शाहिद
बहराइच। शासन एवं स्थानीय प्रशासन के निर्देशों के क्रम में 1 नवंबर से 31 दिसंबर 2026 तक आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के अंतर्गत विशेष अभियान संचालित किया जा रहा है। इस अभियान के तहत महाराजा सुहेलदेव स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय एवं महर्षि बालार्क चिकित्सालय बहराइच में आने वाले पात्र लाभार्थियों के आयुष्मान कार्ड बनाए जाने की विशेष व्यवस्था की गई है। इसी क्रम में चिकित्सालय के आपातकालीन विभाग के निकट आयुष्मान कियोस्क स्थापित किया गया है जहां पात्र लाभार्थियों का आयुष्मान कार्ड बनाया जाएगा जिससे मरीजों एवं उनके परिजनों को कार्ड बनवाने में सुविधा मिल सकेगी।
उक्त कियोस्क का शुभारंभ प्रधानाचार्य प्रो. (डॉ.) संजय खत्री एवं मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. संजय कुमार ने फीता काटकर किया। साथ ही प्रधानाचार्य ने कहा कि इस विशेष अभियान का मुख्य उद्देश्य अधिक से अधिक पात्र लाभार्थियों को आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना से जोड़ना है, ताकि कोई भी पात्र व्यक्ति योजना के लाभ से वंचित न रहे। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अभियान के अंतर्गत अधिक से अधिक लाभार्थियों के आयुष्मान कार्ड बनाने के निर्देश दिये।
वहीं मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने कहा कि आयुष्मान भारत योजना जरूरतमंद एवं पात्र परिवारों के लिए स्वास्थ्य सुरक्षा का महत्वपूर्ण माध्यम है। चिकित्सालय परिसर में आयुष्मान कियोस्क स्थापित होने से मरीजों एवं उनके तीमारदारों को कार्ड बनवाने में आसानी होगी तथा योजना का लाभ प्राप्त करने में सुविधा मिलेगी। कार्यक्रम में मुख्य चिकित्सा अधीक्षक, संकाय सदस्य, चिकित्सकगण, उपचारिका (नर्सिंग स्टाफ), आयुष्मान भारत योजना के अधिकारी एवं कर्मचारी, चिकित्सालय प्रबंधक सहित अन्य कर्मचारीगण एवं मरीजों के तीमारदार उपस्थित रहे। इस विशेष पहल से चिकित्सालय में आने वाले पात्र लाभार्थियों को आयुष्मान कार्ड बनवाने की सुविधा एक ही स्थान पर उपलब्ध होगी तथा अधिक से अधिक लोगों को योजना से जोड़ने में मदद मिलेगी।







