पशु तस्करों से पुलिस की हुई मुठभेड़, गोली लगने से एक घायल, 4 गिरफ्तार

  • पशु तस्करों से पुलिस की हुई मुठभेड़, गोली लगने से एक घायल, 4 गिरफ्तार

तेजस टूडे ब्यूरो
देवी प्रसाद शर्मा
आजमगढ़। जीयनपुर थाना क्षेत्र के ग्राम जोलहापुर के पास शुक्रवार की भोर में प्रतिबंधित पशुओं की चोरी और अवैध कटान करने वाले आरोपितों से पुलिस की मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी फायरिंग में एक अभियुक्त के दाहिने पैर में गोली लगी जबकि पुलिस ने घायल अभियुक्त समेत कुल चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया। मौके से दो गाय और एक बछड़े को सकुशल बरामद किया गया। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से अवैध तमंचा, कारतूस, अर्टिगा वाहन, मोटरसाइकिल और पशु कटान में प्रयुक्त उपकरण भी बरामद किये। पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में अपराध नियंत्रण और संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग के लिए शुक्रवार की सुबह जीयनपुर पुलिस क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि ग्राम जोलहापुर के पास कुछ लोग चोरी के प्रतिबंधित पशुओं का वध करने और मांस की बिक्री एवं परिवहन की तैयारी में हैं। सूचना पर प्रभारी निरीक्षक संजय सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घेराबंदी कर दी।

मौके पर मौजूद 3 अन्य आरोपी गिरफ्तार
पुलिस को देखते ही आरोपितों ने घिरता देख पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस की चेतावनी के बावजूद आरोपितों ने दोबारा गोली चलाने का प्रयास किया। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की नियंत्रित फायरिंग से सालिम पुत्र इसरार निवासी अशरफपुर के दाहिने पैर में गोली लग गई। इसके बाद पुलिस टीम ने उसे और मौके पर मौजूद 3 अन्य आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। घायल सालिम को उपचार के लिए सदर अस्पताल भेजा गया।

देशी तमंचा .315 बोर, एक जिन्दा एवं दो खोखा कारतूस बरामद
गिरफ्तार आरोपितों में सालिम, नौशाद निवासी चांदपार, सोहराब, अदनान निवासी अशरफपुर थाना जीयनपुर शामिल हैं। पुलिस ने इनके कब्जे से एक देशी तमंचा .315 बोर, एक जिंदा, दो खोखा कारतूस, दो गाय और एक बछड़ा, अर्टिगा कार तथा सुपर स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद की है। इसके अलावा चापड़, चाकू, लकड़ी के ठीहे, तराजू सहित कटान में इस्तेमाल होने वाले उपकरण भी मिले हैं। पूछताछ में आरोपितों ने बताया कि वे आवारा प्रतिबंधित पशुओं को चिह्नित कर चोरी से पकड़ते थे और सुनसान स्थानों पर ले जाकर उनका वध करते थे। इसके बाद मांस की बिक्री और उपभोग करते थे। पुलिस से बचने के लिए वे लगातार अपने ठिकाने बदलते थे तथा पशुओं के अवशेष नदी-नालों, सिवान में फेंक देते थे या जमीन में गाड़ देते थे।