काशी में श्रावणी उपाकर्म सम्पन्न
जितेन्द्र सिंह चौधरी/अजय पाण्डेय
वाराणसी। श्री आदि शंकराचार्य महासंस्थानम् (न्यास) द्वारा संचालित श्री आदि शंकराचार्य वेद महासंस्थानम् के वेद विद्यार्थियों (बटुकों) ने काशी के अस्सी घाट पर श्री काशी सुमेरु पीठाधीश्वर अनन्त श्री विभूषित पूज्य जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी नरेन्द्रानन्द सरस्वती जी महाराज के आशीर्वाद तथा स्वामी बृजभूषणानन्द सरस्वती जी महाराज के मार्गदर्शन एवं सत्यम् चौबे के आचार्यत्व में श्रावणी उपाकर्म किया। श्रावणी उपाकर्म का सनातन समाज में विशेष महत्व है। सावन की पूर्णिमा को ज्ञान की साधना का पर्व माना गया है। आध्यात्मिक ऊर्जा को जागृत करने का यह पावन पर्व भी है। मनुस्मृति में इस दिन को उपाकर्म करने का दिन कहा गया है। श्रावणी पूर्णिमा एक मास के आध्यात्मिक ज्ञान रूपी यज्ञ की पूर्णाहुति है। बताया गया कि इस श्रावणी उपाकर्म के अंतर्गत वेदों के श्रवण-मनन का विशेष महत्व है। इस पर्व में वैदिक ज्ञान व संस्कृति के सम्वर्धन एवं उन्नयन का रहस्य विद्यमान है। यह पर्व वेदों के स्वाध्याय का पावन पर्व है जिसे ऋषि तर्पण का नाम भी दिया जाता है। तर्पण का अर्थ है ज्ञान और सत्य विद्या के मर्मज्ञ ऋषियों को संतुष्ट करना, जिनसे हमें वैदिक रहस्य को जानने व समझने का सौभाग्य प्राप्त हुआ था। इसी दिन गुरुकुलों में ऋषि-मुनि वेद पारायण आरम्भ करते थे तथा बड़े-बड़े यज्ञों का आयोजन किया जाता था। इस दिन छात्र गुरुकुल में प्रवेश लेते थे जिनका यज्ञोपवीत नहीं हुआ होता था, उन्हें यज्ञोपवीत दिया जाता था। यह स्वर्णिम वैदिक शास्त्रों की भाषा संस्कृत के सम्वर्धन का भी पर्व है। संस्कृत दिवस के लिए भी श्रावणी पूर्णिमा का दिन ही चुना गया है, क्योंकि इसका सम्बन्ध भारत और उसके शाश्वत धर्म से है। पुरातन काल से चले आ रहे इस श्रावणी पर्व का सामाजिक, सांस्कृतिक, बौद्धिक और आध्यात्मिक दृष्टि से विशेष महत्व है। सम्पूर्ण कार्यक्रम को माँ गंगा की गोद से प्रारम्भ कर अस्सी के डुमराँव बाग कालोनी स्थित श्री काशी सुमेरु पीठ में पूज्य शंकराचार्य जी महाराज के पावन सान्निध्य में सप्तऋषि पूजन कर सम्पन्न किया गया। इस अवसर पर महन्त स्वामी अखण्डानन्द तीर्थ, स्वामी दुर्गेशानन्द तीर्थ, स्वामी प्रकृष्टानन्द सरस्वती, स्वामी महादेव आश्रम, नरेशानन्द, विनोद त्रिपाठी, सुशील तिवारी, नीरज चतुर्वेदी सहित अन्य यति सन्यासी उपस्थित थे।

आधुनिक तकनीक से करायें प्रचार, बिजनेस बढ़ाने पर करें विचार
हमारे न्यूज पोर्टल पर करायें सस्ते दर पर प्रचार प्रसार।











