मुम्बई के अन्तरराष्ट्रीय मंच पर चमके पूरनपुर के चेयरमैन शैलेन्द्र गुप्ता
35 से अधिक देशों के प्रतिनिधियों के बीच रखा नगरीय विकास का पक्ष

तेजस टूडे ब्यूरो
चुन्नन खां
पीलीभीत। नगर पालिका परिषद पूरनपुर के अध्यक्ष शैलेंद्र गुप्ता ने मुंबई में आयोजित प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन 3rd World Mayors’ Forum एवं 7th Asian Cities Summit में सहभागिता कर पूरनपुर को अंतरराष्ट्रीय मंच पर प्रतिनिधित्व दिलाया। 24 नवंबर को संपन्न हुए इस सम्मेलन में 35 से अधिक देशों के महापौर, नगर निकायों के जनप्रतिनिधि, नीति निर्माता और शहरी विकास विशेषज्ञ शामिल हुये। यह अंतरराष्ट्रीय आयोजन ऑल इंडिया इंस्टीट्यूट ऑफ लोकल सेल्फ गवर्नमेंट के शताब्दी समारोह के समापन पर आयोजित किया गया था। सम्मेलन में नगरीय विकास, आधुनिक शहरी व्यवस्थाओं, आधारभूत सुविधाओं, स्वच्छता जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विचार-विमर्श हुआ।
उत्तर प्रदेश से प्रदेशभर के नगर निगमों एवं नगर पालिकाओं के बीच मात्र सात महापौर एवं नगर पालिका अध्यक्षों का चयन किया गया था जिनमें पूरनपुर नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष शैलेंद्र गुप्ता को भी शामिल होने का अवसर मिला। यह पूरनपुर नगर के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि रही। सम्मेलन में शैलेंद्र गुप्ता ने पूरनपुर में नगर पालिका परिषद द्वारा कराए जा रहे विकास कार्यों, आधारभूत सुविधाओं के विस्तार और स्वच्छता संबंधी प्रयासों का पक्ष रखा। साथ ही विभिन्न देशों से आए प्रतिनिधियों के साथ नगरीय विकास के अनुभवों और आधुनिक व्यवस्थाओं पर विचारों का आदान-प्रदान किया।
अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में दूसरे देशों के शहरों में अपनाई जा रही आधुनिक तकनीकों और बेहतर नगर प्रबंधन की व्यवस्थाओं को समझने का अवसर भी मिला। अध्यक्ष शैलेंद्र गुप्ता ने इन अनुभवों और तकनीकों को पूरनपुर के विकास में उपयोगी बनाने की बात कही। उनकी इस सहभागिता से पूरनपुर के नगरीय विकास से जुड़े मुद्दों को अंतरराष्ट्रीय मंच पर रखने का अवसर मिला है।







