पुलिस लाइन सहित जनपद के सभी थानों पर मनाया गया संविधान दिवस

तेजस टूडे ब्यूरो
दीपक कुमार
मुगलसराय, चन्दौली। संविधान दिवस पर पुलिस लाइन में क्षेत्राधिकारी सदर द्वारा उपस्थित पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को भारत को एक सम्पूर्ण प्रभुत्वसम्पन्न, समाजवादी, पंथनिरपेक्ष, लोकतंत्रात्मक गणराज्य बनाने तथा राष्ट्र की एकता और अखंडता को अक्षुण्ण बनाए रखने हेतु भारतीय संविधान की उद्देशिका की शपथ दिलाई गई एवं सामूहिक पाठ किया गया। इस दौरान भारतीय संविधान की महत्ता, ऐतिहासिक महत्व, मौलिक अधिकारों एवं कर्तव्यों पर प्रकाश डालते हुए लोकतंत्र, समानता, स्वतंत्रता, न्याय एवं बंधुता के संवैधानिक मूल्यों को आत्मसात करने और अपने जीवन में उतारने का संदेश दिया गया। साथ ही सबको यह संदेश दिया गया की पुलिस बल का यह दायित्व है, वह संविधान की मर्यादा और कानून के शासन को सर्वोपरि रखते हुए आमजन को सुरक्षित एवं न्यायपूर्ण वातावरण उपलब्ध कराए तथा अपने कर्तव्यों का निर्वहन पूर्ण निष्ठा, निष्पक्षता, संवेदनशीलता और ईमानदारी के साथ करे। इस अवसर पर प्रतिसार निरीक्षक के साथ पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे। इसी क्रम में संविधान दिवस के अवसर पर जनपद के समस्त थानों पर भी सभी पुलिस अधिकारी/कर्मचारीगण को संविधान की शपथ दिलाई गई।







