टाइगर रिजर्व के लग्गा-बग्घा वन क्षेत्र में मिला क्षतिग्रस्त पिलर

  • टाइगर रिजर्व के लग्गा-बग्घा वन क्षेत्र में मिला क्षतिग्रस्त पिलर

  • मौके पर मिले जंगली हाथी के पदचिह्न

तेजस टूडे ब्यूरो
चुन्नन खां
पीलीभीत। भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा पर स्थित सब-पिलर संख्या 791/1 (24) के क्षतिग्रस्त होने का मामला सामने आया है। यह पिलर पीलीभीत टाइगर रिजर्व के लग्गा-बग्घा वन क्षेत्र और नेपाल के शुक्ला फंटा नेशनल पार्क के बीच स्थित है। उक्त सीमा पिलर क्षतिग्रस्त पाया गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, किसी बड़े जंगली जानवर, विशेषकर हाथी के रगड़ने से पिलर के गिरने की आशंका जताई जा रही है।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक क्षतिग्रस्त पिलर के आसपास बड़े जंगली जानवरों के निशान और पदचिह्न मिले हैं। इनमें जंगली हाथी के पदचिह्न भी शामिल बताए जा रहे हैं। यह पूरा इलाका घने जंगल और वन्यजीवों की आवाजाही वाला क्षेत्र है जहां हाथी, बाघ और तेंदुए जैसे वन्यजीवों का लगातार आवागमन बना रहता है। सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि उक्त स्थान आम लोगों के लिए पूरी तरह प्रतिबंधित क्षेत्र में आता है। यहां किसी भी आम व्यक्ति का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित है। ऐसे में प्रारंभिक आकलन में किसी मानवीय हस्तक्षेप से पिलर को क्षतिग्रस्त किए जाने की संभावना नहीं मानी जा रही है।
बताया गया है कि बारिश के बाद पिलर के आसपास की जमीन में नमी बनी रहती है। वन्य जीवों की नियमित आवाजाही और हाथियों की मौजूदगी को देखते हुए आशंका है कि किसी बड़े हाथी द्वारा शरीर रगड़ने के दौरान सीमा पिलर क्षतिग्रस्त होकर गिर गया हो। गौरतलब है कि भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय
सीमा पर लगे सीमा पिलरों की देखरेख और मरम्मत की जिम्मेदारी निर्धारित व्यवस्था के अनुसार दोनों देशों के बीच बंटी हुई है। सम संख्या वाले पिलरों की देख—रेख एवं मरम्मत भारत सरकार तथा विषम संख्या वाले पिलरों की देख—रेख एवं मरम्मत नेपाल सरकार द्वारा की जाती है। फिलहाल पिलर के क्षतिग्रस्त होने के पीछे जंगली हाथी की भूमिका की आशंका जताई गई है। सीमा सुरक्षा और पिलर की स्थिति को देखते हुए संबंधित विभागों द्वारा आवश्यक निरीक्षण एवं मरम्मत की कार्रवाई किया जाना महत्वपूर्ण है।