राजस्व परिषद अध्यक्ष ने कार्यालय व तहसील का किया निरीक्षण
अभिलेखों का डिजिटलीकरण करने का दिया निर्देश
संदीप पाण्डेय
रायबरेली। राजस्व परिषद अध्यक्ष हेमंत राव का एक दिवसीय दौरा जनपद में हुआ जिसमें उन्होंने कलेक्ट्रेट कार्यालय स्थित पटलों पर अभिलेखो की जांच की और आवश्यक दिशा निर्देश दिया। उनके निरीक्षण का उद्देश्य अभिलेखों का डिजिटलीकरण करना है जिससे लोगों को त्वरित न्याय मिल सके व कार्य में तेजी आए और कार्यों में पारदर्शिता दिखाई दे। इस दौरान उन्होंने भू-लेख अभिलेखागार, कृषि सांख्यिकीय अभिलेखागार, शस्र अभिलेखागार, संग्रह अनुभाग एवं जनसंपर्क काउंटर के अभिलेखों का निरीक्षण किया। इसके उपरांत परिषद अध्यक्ष ने सदर तहसील के खतौनी काउंटर का अवलोकन किया और वहां पर आए हुए आमजन लोगों से बातचीत की। तदुपरांत उन्होंने तहसील के सभी पटलों पर अभिलेखों की जांच करते हुये तहसीलदार सदर को आवश्यक निर्देश दिया। साथ ही बताया कि जनपद में राजस्व संबंधी कार्यों में काफी अच्छी प्रगति देखने को मिली है। काश्तकारों को भूमि आवंटन और राजस्व से संबंधी मामलो में कार्य प्रगति पर है। कार्यालय में स्टाफ की कमी के संदर्भ में उन्होंने कहा कि इसके लिए आयोग द्वारा आगे की कार्रवाई की जा रही है।
अध्यक्ष ने राजस्व अधिकारियों संग की समीक्षा बैठक
राजस्व परिषद अध्यक्ष हेमंत राव ने तहसील सदर के सभागार में जनपद के सभी राजस्व अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की जहां उन्होंने अब तक हुए कार्यों की प्रगति जानी। सभी उपजिलाधिकारियों से घरौनी वितरण में किए गए कार्यों के संबंध में जानकारी लेते हुये यह भी जाना कि घरौली से लोगों को क्या लाभ मिल रहे हैं। उन्होंने कहा कि राजस्व से संबंधित मामलों में प्रौद्योगिकी का उपयोग करते हुए जल्द से जल्द समस्याओं का निस्तारण किया जाय जिससे आम जनता को त्वरित न्याय मिल सके और बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़े। उन्होंने कहा कि डिजिटलकरण से उचित व्यक्ति को समय से न्याय मिलेगा। इस अवसर पर जिलाधिकारी हर्षिता माथुर, अपर जिलाधिकारी (प्र) प्रफुल्ल त्रिपाठी, अपर जिलाधिकारी (वि0 एवं रा0) पूजा मिश्रा सहित सभी उपजिलाधिकारी, तहसीलदार नायब तहसीलदार उपस्थित रहे।
आधुनिक तकनीक से करायें प्रचार, बिजनेस बढ़ाने पर करें विचार हमारे न्यूज पोर्टल पर करायें सस्ते दर पर प्रचार प्रसार।