श्रावस्ती में बाल विवाह मुक्त भारत अभियान को मिली नयी गति

  • श्रावस्ती में बाल विवाह मुक्त भारत अभियान को मिली नयी गति

  • जागरूकता रथ को दिखायी गयी हरी झण्डी

  • सदस्य प्रियंका मौर्या ने जनसुनवाई कार्यक्रम का किया शुभारम्भ

तेजस टूडे ब्यूरो
एम अहमद/नसीम अहमद
श्रावस्ती। महिला कल्याण विभाग से हब फॉर एंपावरमेंट ऑफ विमेन द्वारा बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना के अंतर्गत संयुक्त जिला चिकित्सालय भिनगा के एन0आर0सी0 में राज्य महिला आयोग की सदस्या डॉ0 प्रियंका मौर्या के द्वारा कन्या जन्मोत्सव कार्यक्रम किया गया। 14 बालिकाओं को बेबी किट, माताओं को मिष्ठान देकर बधाई दी गई। तत्पश्चात सदस्य ने पुलिस लाइन स्थित लव सभागार में विज्ञान फाउंडेशन, देहात इंडिया एवं आवा के संयुक्त सहयोग से जनसुनवाई एवं जनजागरूकता कार्यक्रम का सफल आयोजन किया।
कार्यक्रम का प्रमुख उद्देश्य महिलाओं की समस्याओं का समाधान, बालिकाओं के अधिकारों के प्रति जागरूकता तथा बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति को समाप्त करने के लिए जनभागीदारी सुनिश्चित करना रहा। इस दौरान उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की सदस्या प्रियंका मौर्या ने बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के तहत जनजागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह रथ जनपद में भ्रमण कर आमजन को बाल विवाह के दुष्परिणामों एवं इसकी रोकथाम के प्रति जागरूक करेगा। देहात इंडिया की ओर से बाल विवाह विषय पर एक प्रभावशाली नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया गया।
नाटक में कम उम्र में बालिका का विवाह कराने के लिए माता-पिता द्वारा दबाव बनाने तथा बालिका द्वारा अपनी शिक्षा, स्वास्थ्य और भविष्य का हवाला देकर विवाह का विरोध करने का जीवंत चित्रण किया गया। इस दौरान बाल विवाह रोकथाम संकल्प हस्ताक्षर अभियान आयोजित कराया गया जिसमें उपस्थित अधिकारियों, महिलाओं, बालिकाओं एवं अन्य प्रतिभागियों ने हस्ताक्षर कर बाल विवाह मुक्त समाज बनाने का संकल्प लिया। जनसुनवाई के दौरान प्रियंका मौर्या ने महिलाओं की विभिन्न समस्याओं को गंभीरता से सुना तथा संबंधित विभागीय अधिकारियों को समस्याओं का समयबद्ध एवं प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने स्वच्छ भारत अभियान के अंतर्गत श्रावस्ती जिले को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने में योगदान देने वाली महिलाओं की सराहना करते हुए उन्हें समाज के लिए प्रेरणास्रोत बताया। साथ ही विज्ञान फाउंडेशन, देहात इंडिया एवं आभा द्वारा जिले में किए जा रहे सामाजिक कार्यों की प्रशंसा किया। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की सदस्य प्रियंका मौर्या, जिला प्रोबेशन अधिकारी मोहम्मद मुमताज, एसडीएम सुश्री श्रेया, पुलिस उपाधीक्षक आलोक सिंह, बाल कल्याण समिति के सदस्य दिनेश सोनी, जिला कार्यक्रम अधिकारी अरविंद रस्तोगी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।