संविधान दिवस पर एएसपी ने पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को दिलायी शपथ

तेजस टूडे ब्यूरो
अमित त्रिवेदी
हरदोई। संविधान दिवस पर पुलिस अधीक्षक कार्यालय में विशेष शपथ ग्रहण कार्यक्रम हुआ। इस दौरान अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी सुबोध गौतम ने पुलिसकर्मियों की उपस्थित समस्त पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को संविधान दिवस की शपथ दिलाई। एएसपी ने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को भारतीय संविधान के प्रति निष्ठा रखने तथा संविधान में निहित मूल आदर्शों, सिद्धांतों और मूल्यों का सम्मान करने का संकल्प दिलाया। उन्होंने संविधान की महत्ता को समझते हुए लोकतांत्रिक व्यवस्था, समानता, स्वतंत्रता, न्याय और बंधुत्व की भावना को आत्मसात करने का संदेश दिया।
उन्होंने कहा कि भारतीय संविधान देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था की आधारशिला है। संविधान में प्रत्येक नागरिक के अधिकारों के साथ कर्तव्यों का भी उल्लेख किया गया है। पुलिस विभाग की जिम्मेदारी है कि वह संविधान के दायरे में रहकर कानून व्यवस्था बनाए रखे और आमजन को न्याय एवं सुरक्षा उपलब्ध कराने के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करे। इस अवसर पर क्षेत्राधिकारी नगर अजीत सिंह चौहान, क्षेत्राधिकारी बघौली प्रभा पटेल सहित पुलिस कार्यालय के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे।







