स्वस्थ मिट्टी ही टिकाऊ खेती एवं समृद्ध किसान का आधार: डा. अभिनव
खेत बचाओ अभियान में कौलपुर के किसानों को किया गया जागरूक
मृदा परीक्षण के आधार पर उर्वरकों के प्रयोग एवं फसल अवशेष प्रबंधन पर दिया गया जोर

तेजस टूडे ब्यूरो
प्रमोद गोस्वामी
संत कबीर नगर। कृषि विज्ञान केंद्र एवं कृषि विभाग के संयुक्त तत्वावधान में संचालित खेत बचाओ अभियान के तहत विकास खंड मेहदावल के ग्राम कौलपुर में कृषक जागरूकता कार्यक्रम हुआ। इसमें किसानों को मिट्टी की उर्वरता बनाए रखने और टिकाऊ खेती की वैज्ञानिक तकनीकों की जानकारी दी गई। कार्यक्रम में कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक डॉ. अभिनव सिंह ने किसानों को मृदा स्वास्थ्य एवं उर्वरता संरक्षण के प्रति जागरूक किया। उन्होंने मृदा परीक्षण के आधार पर संतुलित उर्वरकों का प्रयोग करने, जैविक एवं हरी खाद अपनाने तथा फसल चक्र और जैव उर्वरकों के उपयोग पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि रासायनिक उर्वरकों का असंतुलित प्रयोग मिट्टी की सेहत को नुकसान पहुंचाता है। किसान फसल अवशेषों को खेतों में जलाने के बजाय उनका उचित प्रबंधन करें जिससे मिट्टी में जैविक कार्बन और पोषक तत्वों की मात्रा बढ़ाई जा सके। डॉ. सिंह ने कहा कि स्वस्थ मिट्टी ही टिकाऊ खेती और समृद्ध किसान का आधार है। खेतों की उर्वरता एवं उत्पादकता लंबे समय तक बनाए रखने के लिए किसानों को वैज्ञानिक मृदा संरक्षण तकनीकों को अपनाना चाहिए। कार्यक्रम का उद्देश्य किसानों को जागरूक कर मृदा स्वास्थ्य संरक्षण, पर्यावरण संतुलन और टिकाऊ कृषि पद्धतियों को बढ़ावा देना रहा।







