करेंट लगने से वृद्ध की हुई मौत
रंजीत सिंह
जालौन। पशुबाड़ा में लाइट न आने पर केबिल चेक कर रहे वृद्ध की करेंट लगने से मौत हुई। वृद्ध की मौत की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। जानकारी के अनुसार कोतवाली क्षेत्र के ग्राम रूरा मल्लू निवासी शिरोमणि पटेल (60 वर्ष) पुत्र ब्रजलाल के घर के बगल में पशुबाड़ा है। रविवार की सुबह करीब दस बजे वह पशुबाड़ा में नहाने के लिए गए थे।
पशुबाड़ा में पहुंचने पर उन्होंने देखा कि पशुबाड़ा में लाइट नहीं आ रही है तो वह टिन शैड के ऊपर निकली केबिल को चेक करने लगे। इसी दौरान लाइट आने पर टिन शैड में करेंट आ गया। करेंट से चिपकने पर उनकी मौके पर ही मौत हो गई। जब उन्हें करंट लगा तब पशुबाड़े में कोई नहीं था। काफी देर तक वह वापस नहीं लौटे तो उनके पुत्र अरविंद उन्हें देखने के लिए पहुंचे जहां पशुबाड़ा में उनका शव पड़ा था और हाथ में करेंट लगने का निशान था। पिता को मृत अवस्था में देखकर पुत्र के मुंह से चीख निकल गई। आवाज सुनकर आस-पास के लोग वहां पहुंच गए और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने जानकारी लेकर मृतक के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बता दें मृतक के बड़े भाई लखन मृतक के एक पुत्र अरविंद को गोद लिए हैं जबकि दूसरा पुत्र भूरे मुंबई में रहकर काम करता है।
आधुनिक तकनीक से करायें प्रचार, बिजनेस बढ़ाने पर करें विचार
हमारे न्यूज पोर्टल पर करायें सस्ते दर पर प्रचार प्रसार।
















