अयोध्या में 29 लाख से अधिक लोगों को लगा टीका
सतर्कता डोज लेने वालों की तेजी से बढ़ रही संख्या
राजेश कुमार श्रीवास्तव
अयोध्या। कोरोना वैक्सीनेशन साल भर में ही 29 लाख का आंकड़ा पार कर चुका है। गत वर्ष 16 जनवरी को ही कोरोना वैक्सीनेशन की शुरुआत हुई थी। रविवार को वैक्सीनेशन का एक वर्ष पूरा हो गया। इसके साथ ही यह विश्वास भी और दृढ़ हुआ है कि कोरोना से शीघ्र ही जिले, राज्य और देश को मुक्ति मिलेगी। इस एक वर्ष में प्रशासनिक अधिकारियों, स्वास्थ्य कर्मियों व आम लोगों में भी टीकाकरण को लेकर जबर्दस्त उत्साह रहा। किशोरों में भी वैक्सीनेशन को लेकर उल्लासित है, जबकि बूस्टर डोज लेने वालों की संख्या में भी नित्य बढ़ोतरी हो रही है।
जिले में गत वर्ष 16 जनवरी को दर्शननगर स्थित मेडिकल कालेज में प्राचार्य प्रो. विजय कुमार को पहला व दूसरा सीएमएस डा. अरविंद सिंह लगा था। वहीं महिला चिकित्सालय में स्वास्थ्य पर्यवेक्षक सुमन स्वरूप श्रीवास्तव ने पहला टोका लगवा कर स्वास्थ्य कर्मियों का हौंसला बढ़ाया था। जिला चिकित्सालय में डा. सुरेश पटारिया को पहला टीका लगाया गया था। प्रथम दिन 399 लोगों को टीका लगा था, जबकि वर्ष भर में ही यह संख्या लाखों में पहुंच चुकी है। जिले में लोगों को 29,50,745 वैक्सीन डोज लगाई गई है। इसमें 18,43,564 लोगों को प्रथम व 10,99,515 को दोनों डोज दी गई है।
इसके साथ ही सात हजार छह सौ 66 लोगों को सतर्कता डोज लगाई गई है। वहीं किशोरों का टीकाकरण भी तेजी से गति पकड़ रहा है। तीन जनवरी से अब तक 65,350 किशोरों को टीका लगाया जा चुका है। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डा. आरके देव ने बताया कि कोरोना टीकाकरण दिन प्रतिदिन गति पकड़ रहा है।
आधुनिक तकनीक से करायें प्रचार, बिजनेस बढ़ाने पर करें विचार
हमारे न्यूज पोर्टल पर करायें सस्ते दर पर प्रचार प्रसार।