जिला विद्युत समिति की बैठक में कई मुद्दों पर हुई चर्चा
सांसद, विधायक, विधान परिषद सदस्य की रही उपस्थिति
तेजस टूडे ब्यूरो
जौनपुर। सांसद सदर बाबू सिंह कुशवाहा की अध्यक्षता एवं सांसद मछलीशहर प्रिया सरोज सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण की उपस्थिति में कलेक्ट्रेट सभागार में जिला विद्युत समिति की बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में हुई। इस मौके पर अध्यक्ष सहित अन्य जनप्रतिनिधीगण के आगमन पर जिलाधिकारी डॉ0 दिनेश चंद्र, मुख्य विकास अधिकारी ध्रुव खाड़िया सहित अन्य अधिकारियों ने पुष्पगुच्छ, अंगवस्त्रम, प्रतीक चिन्ह देकर स्वागत किया।
बैठक में आरडीएसएस, छूटे अविद्युतीकृत मजरो के विद्युतीकरण, स्मार्ट मीटर लगाए जाने की प्रगति, मुख्यमंत्री नगर सृजन/विस्तारित योजना सांसद विधायक निधि के कार्यों की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की गई। बैठक में अध्यक्ष ने निर्देश दिया कि जिन मजरों में अभी विद्युतीकरण होना है, ब्लॉकवार सूची बनाकर प्राथमिकता पर कार्य किया जाए। मरम्मत के उपरांत खराब होने वाले ट्रांसफार्मर के संख्या और कारण के संबंध में विस्तार से जानकारी प्राप्त की गई और इसकी गुणवत्ता सुनिश्चित करने के साथ ही उत्तरदायित्व निर्धारण करने हेतु भी निर्देशित किया गया।
बैठक में अधीक्षण अभियंता ने विद्युत संबंधी योजनाओ के बारे में जानकारी दी। अध्यक्ष ने ट्रांसफार्मर की क्षमता वृद्धि करने, ऐसे ट्रांसफार्मर जो 3 से अधिक बार जल चुके हैं, की सूची उपलब्ध कराने, जनप्रतिनिधियों से फीडबैक लेने, जेई के साथ मीटिंग करने सहित अन्य आवश्यक दिशा निर्देश दिये। साथ ही यह भी निर्देश दिया कि सभी अधिकारीगण जनप्रतिनिधिगणों के साथ ही जनता का फोन अवश्य उठाएं। उन्होंने कहा कि हम सभी जनता के लिए हैं। हमारी जिम्मेदारी है कि जो हमे दायित्व मिला है, हम उसका निर्वहन अवश्य करें। विद्युत संबंधी जो भी शिकायतें जनप्रतिनिधियों द्वारा की गयी है, उनका निस्तारण अगली बैठक से पूर्व करना सुनिश्चित करें।
उन्होंने कहा कि विद्युत संबंधी दुर्घटनाओं में पात्र व्यक्तियों को क्षतिपूर्ति का लाभ अवश्य दिया जाय। योजनाओं से जनप्रतिनिधियों को भी अवश्य अवगत करायें। जहां कहीं भी जर्जर तार बदलने, ट्रांसफार्मर क्षमता वृद्धि की आवश्यकता है, वहां शीघ्र कार्य किया जाए। विद्युत संबंधी अन्य मुद्दे भी उठाए गए जिस पर अध्यक्ष ने इसका निस्तारण करने के निर्देश दिये। सख्त निर्देश दिये कि ट्रांसफार्मर बदलने के नाम पर जहां कहीं भी चंदा जुटाने अथवा धनउगाही की शिकायत आ रही है, वहां तत्काल संज्ञान लेते हुए सत्यापन के उपरांत शिकायत सही पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाय। जिलाधिकारी ने अध्यक्ष सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण को आश्वस्त कराया कि उनके दिए गए दिशा निर्देशों का अक्षरशः पालन सुनिश्चित कराया जाएगा।
इस अवसर पर विधायक जफराबाद जगदीश नरायण राय, मड़ियाहूं डा0 आरके पटेल, मल्हनी लकी यादव, मछलीशहर डा. रागिनी सोनकर, मुंगराबादशाहपुर पंकज पटेल, एमएलसी बृजेश सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण के प्रतिनिधि के अलावा विद्युत विभाग के अधिकारीगण उपस्थित रहे।
आधुनिक तकनीक से करायें प्रचार, बिजनेस बढ़ाने पर करें विचार
हमारे न्यूज पोर्टल पर करायें सस्ते दर पर प्रचार प्रसार।














