हल्की बारिश ने खोली नगर पालिका परिषद की पोल
जलभराव से जनजीवन अस्त-व्यस्त
तेजस टूडे ब्यूरो
मुसैब अख्तर
गोंडा। मानसून की पहली ही बारिश ने नगर पालिका परिषद गोंडा की तैयारियों की पोल खोल दी। हल्की बारिश के बाद ही शहर के कई प्रमुख इलाके जलमग्न हो गये जिससे आम जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ। चौक मार्केट, ईदगाह रोड, हजरतगंज की तर्ज पर बन रह गुड्डू मल चौराहा हुआ जलमग्न और बस स्टैंड क्षेत्र सहित कई निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई। सड़कों पर भरा पानी और नालियों का गंदा जल दुकानों और मकानों में घुस गया जिससे स्थानीय लोगों में आक्रोश व्याप्त है।
स्थानीय नागरिकों ने आरोप लगाया कि नगर पालिका द्वारा नालियों की सफाई समय से नहीं कराई गई जिससे गंदा पानी सड़कों पर बहने लगा। कई स्थानों पर दुर्गंध फैलने के साथ ही संक्रामक रोगों का खतरा भी बढ़ गया है। मोहल्ला निवासियों का कहना है कि हर वर्ष मानसून में यही स्थिति उत्पन्न होती है लेकिन प्रशासन इस समस्या का स्थायी समाधान नहीं कर पा रहा दुकानदारों ने बताया कि जलभराव के कारण दुकानों में पानी घुसने से हजारों का माल खराब हो गया। “नगर पालिका केवल कागज़ी कार्रवाई करती है, जमीन पर कुछ नहीं दिखता,” एक दुकानदार ने नाराज़गी जताते हुए कहा।
इस संबंध में नगर पालिका के एक अधिकारी ने बताया कि “भारी वर्षा के चलते जल निकासी में दिक्कत आई है लेकिन सफाई टीमों को तत्काल प्रभाव से लगाया गया है और स्थिति को नियंत्रित करने के प्रयास जारी हैं।” स्थानीय लोगों ने प्रशासन से जल्द से जल्द नालियों की सफाई और जल निकासी की ठोस व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है, ताकि हर साल इसी तरह की दुश्वारियों का सामना न करना पड़े।
आधुनिक तकनीक से करायें प्रचार, बिजनेस बढ़ाने पर करें विचार
हमारे न्यूज पोर्टल पर करायें सस्ते दर पर प्रचार प्रसार।















