कार सवार युवक पर फायरिंग, सीने में लगी गोली, साथी भी घायल
थार—अर्टिगा सवार बदमाशों ने घटना को दिया अंजाम
तेजस टूडे सं.
विरेन्द्र यादव/अजय विश्वकर्मा
सिद्दीकपुर, जौनपुर। सरायख्वाजा थाना क्षेत्र में मल्हनी रोड पर सफदरगंज तिराहे के पास बुधवार को फायरिंग की घटना से सनसनी फैल गई। कार सवार 28 वर्षीय युवक विपिन यादव को बदमाशों ने गोली मार दी। गोली उनके सीने में लगी जबकि एक अन्य गोली कान को छूकर निकल गयी। इस दौरान कार में मौजूद उनके चाचा के बेटे अंश के पैर में भी गोली लग गयी। विपिन की गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल से वाराणसी ट्रामा सेंटर रेफर किया गया है।
जानकारी के अनुसार बाबरखा निवासी मेंही लाल यादव के पुत्र विपिन यादव अपनी स्विफ्ट डिजायर कार से भटेवरा गांव से घर लौट रहे थे। करंजाकला क्षेत्र में सफदरगंज तिराहे के पास पहुंचने पर उनकी कार के सामने एक अर्टिगा और थार आकर रुक गयी। दोनों वाहनों से कुछ लोग उतरे। विपिन भी अपनी कार से बाहर आ गये। इसी दौरान दोनों पक्षों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी होने लगी।
आरोप है कि इसके बाद थार सवार लोगों ने अचानक फायरिंग शुरू कर दी। एक गोली विपिन के सीने में जा लगी जबकि दूसरी गोली उनके कान को छूते हुये निकल गयी। फायरिंग में चली एक अन्य गोली कार में बैठे अंश के पैर में लगी। फायरिंग की आवाज सुनकर आस—पास के लोग घटनास्थल की तरफ दौड़े। लोगों को आता देख हमलावर दोनों वाहनों में सवार होकर फरार हो गये।
घायलों को स्थानीय लोगों की मदद से जिला चिकित्सालय ले जाया गया जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद विपिन की हालत गम्भीर देखते हुए वाराणसी ट्रामा सेंटर के लिये रेफर कर दिया। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गयी। पुलिस ने घटनास्थल के आस—पास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। फुटेज के जरिये हमलावरों और उनके वाहनों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। वहीं इस बाबत पूछे जाने पर थानाध्यक्ष राजेश सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज समेत अन्य बिन्दुओं पर छानबीन जारी है। आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जायेगा।











