रोटरी क्लब जौनपुर ने 15 शिक्षकों को राष्ट्र निर्माता पुरस्कार से किया सम्मानित
समाज एवं राष्ट्र निर्माण की सबसे मजबूत नींव हैं शिक्षक: प्रो. त्रिपाठी
तेजस टूडे ब्यूरो
अजय पाण्डेय
जौनपुर। रोटरी क्लब जौनपुर द्वारा शिक्षक दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित विशेष सम्मान समारोह में शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले 15 शिक्षकों को ‘राष्ट्र निर्माता पुरस्कार’ से सम्मानित किया गया। सम्मानित शिक्षकों को रोटरी पेन, प्रमाण-पत्र एवं अंगवस्त्र प्रदान कर उनके योगदान के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की गयी। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि प्रो. डॉ. आर.एन. त्रिपाठी प्रोफेसर समाज शास्त्र विभाग बीएचयू एवं उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग के पूर्व सदस्य तथा विशिष्ट अतिथि प्रो. डॉ. ए.ए. जाफरी हेड ऑफ डिपार्टमेंट जनरल सर्जरी स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय जौनपुर ने क्लब संरक्षक श्याम बहादुर सिंह, डॉ. शैलेश सिंह, प्रदीप सिंह एवं जोनल सेकेट्री श्याम वर्मा के साथ डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन एवं मां सरस्वती जी पर पुष्प अर्पित कर एवं दीप प्रज्वलित करके किया।
इस मौके पर मुख्य अतिथि ने कहा कि शिक्षक केवल विद्यार्थियों को पाठ्यक्रम का ज्ञान नहीं देते, बल्कि उनके व्यक्तित्व, संस्कार और चरित्र का निर्माण करते हैं। एक शिक्षक की भूमिका आने वाली पीढ़ियों को सही दिशा देने में अत्यंत महत्वपूर्ण होती है। राष्ट्र के विकास की मजबूत नींव गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और समर्पित शिक्षकों से ही तैयार होती है।
विशिष्ट अतिथि प्रो. डॉ. जाफरी ने कहा कि शिक्षक समाज को ज्ञान, संस्कार और जिम्मेदारी का बोध कराते हैं। चिकित्सा सहित प्रत्येक क्षेत्र में सफल व्यक्तित्व के निर्माण के पीछे किसी न किसी शिक्षक का मार्गदर्शन अवश्य होता है। शिक्षकों का सम्मान वास्तव में ज्ञान और राष्ट्र निर्माण की परंपरा का सम्मान है।
संस्थाध्यक्ष शिवान्शू श्रीवास्तव ने अतिथियों का स्वागत करते हुए रोटरी क्लब जौनपुर की विभिन्न सामाजिक एवं जनसेवा गतिविधियों की जानकारी दिया। साथ ही कहा कि रोटरी क्लब शिक्षा, स्वास्थ्य, सेवा और सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यों के माध्यम से समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने के लिए निरंतर प्रयासरत है।
कार्यक्रम का संचालन कृष्ण कुमार मिश्र एवं सैयद शम्स अब्बास ने संयुक्त रूप से किया। समारोह में अनिल गुप्ता, रविकान्त जायसवाल, राजीव साहू, डा. बृजेश कनौजिया, संजय जायसवाल, जैनुल आबेदीन, दीपमाला जायसवाल आदि उपस्थित रहे। अन्त में सचिव संदीप सेठ ने सभी अतिथियों, सम्मानित शिक्षकों एवं उपस्थित लोगों के प्रति आभार व्यक्त करते हुये धन्यवाद ज्ञापित किया।
इन शिक्षकों को मिला राष्ट्र निर्माता पुरस्कार
इस मौके पर शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय एवं उत्कृष्ट कार्य करने वाले 15 शिक्षकों को ‘राष्ट्र निर्माता पुरस्कार’ से सम्मानित किया गया। इनमें प्रदीप उपाध्याय, ज्योति दुबे, रेणु मिश्रा, अखिलेश सिंह, जीशान हाशमी, विवेक सिंह, राम अवतार पांडेय, छाया सिंह, अभिषेक सिंह, रक्षंदा बेगम, रजनीश सिंह, प्रमोद श्रीवास्तव, दुर्गेश जायसवाल, अहमद फराज साबिर, सुरेश राम हैं। सभी शिक्षकों को रोटरी पेन, प्रमाण-पत्र एवं अंगवस्त्र प्रदान किया गया।











