प्रतिबन्धित मांझा का कहर जारी, एक और युवक हुआ शिकार
गला कटा, 12 टांके लगे, मगर दर्ज नहीं हो रही प्राथमिकी
जिलाधिकारी के आदेश के बावजूद भी मांझा का प्रयोग जारी
प्रशासनिक आदेश को कागज से जमीन पर उतारा जाय: विकास तिवारी
तेजस टूडे ब्यूरो
शुभांशू जायसवाल
जौनपुर। प्रतिबंधित मांझे की चपेट में आने से एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। पुराना पान दरीबा मिसिरपुर निवासी सुजल मौर्य पुत्र संतोष मौर्य 6 सितम्बर को अपने भाई सानू मौर्य के साथ मोटरसाइकिल से घर जा रहे थे। सद्भावना पुल पर भारत इलेक्ट्रॉनिक के सामने प्रतिबंधित मांझा उनके गले में फंस गया जिससे गला गंभीर रूप से कट गया। जिला चिकित्सालय में उपचार के दौरान गले में 12 टांके लगाये गये। हादसे में उनके भाई सानू के हाथ में भी गंभीर चोटें आयीं।
पीड़ित ने थाना कोतवाली में कार्यवाही के लिए प्रार्थना पत्र दिया लेकिन मुकदमा दर्ज नहीं हुआ। इस पर 10 सितंबर को पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर अभियोग पंजीकृत करने की मांग की गयी। जनसुनवाई पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराने के साथ ही डाक से भी पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र भेजा गया।
इस दौरान अधिवक्ता विकास तिवारी और अतुल सिंह पीड़ित के साथ मौजूद रहे जहां श्री तिवारी ने कहा कि 14 जनवरी 2026 को जिलाधिकारी ने चाइनीज एवं सिंथेटिक मांझे की खरीद, बिक्री, भंडारण और उपयोग पर पूर्ण प्रतिबंध लगाते हुए प्रभावी कार्यवाही के निर्देश दिये हैं। इसके बावजूद लगातार हो रही घटनाएं प्रशासनिक कार्यवाही पर गम्भीर सवाल खड़े करती हैं।
उन्होंने बताया कि इसके पहले शिक्षक संदीप तिवारी और डॉ. समीर हाशमी की जान जा चुकी है। अब सुजल मौर्य जैसे राहगीर गंभीर रूप से घायल हो रहे हैं। प्रशासन से आग्रह है कि जिलाधिकारी के आदेश को कागज से जमीन तक उतारा जाय। जब तक प्रतिबंधित मांझे की बिक्री एवं उपयोग पूरी तरह बन्द नहीं होगा तब तक किसी और संदीप, समीर या किसी अनजान राहगीर के घर का चिराग बुझने का खतरा बना रहेगा।
इसी क्रम में अतुल सिंह ने प्रशासन से प्रतिबंधित मांझे की बिक्री और उपयोग पर तत्काल प्रभावी रोक लगाने तथा दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की मांग किया। साथ ही कहा कि पतंग उड़ाना खुशी हो सकती है लेकिन किसी की गर्दन काटने वाला मांझा मनोरंजन नहीं, बल्कि मौत का सामान है। उक्त अवसर पर डा. अब्बासी, अंकित यादव, रंजीत यादव, देवेश मौर्य, नीरज पाठक सहित तमाम प्रबुद्ध लोग उपस्थित रहे।











