रेलवे स्टेशन पर बहू-बेटी सम्मेलन का हुआ आयोजन
तेजस टूडे सं.
चन्दन अग्रहरि
शाहगंज, जौनपुर। मिशन शक्ति फेज-5 अभियान के तहत थाना पुलिस द्वारा रेलवे स्टेशन शाहगंज पर बहू-बेटी सम्मेलन करके महिलाओं एवं बालिकाओं को सुरक्षा, सम्मान एवं उनके अधिकारों के प्रति जागरूक किया गया। कार्यक्रम में एसआई रामचन्द्र सिंह, महिला कांस्टेबल वंदना एवं महिला कांस्टेबल आरती गौड़ ने महिलाओं एवं बालिकाओं को विभिन्न महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दिया। पुलिस टीम ने बताया कि किसी भी आपात स्थिति में पुलिस आपातकालीन सेवा 112, स्वास्थ्य सेवा 102/108, वूमेन पावर लाइन 1090, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, महिला हेल्पलाइन 181, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 तथा साइबर अपराध हेल्पलाइन 1930 पर सहायता प्राप्त की जा सकती है।
इस दौरान महिलाओं को विधवा पेंशन, वृद्धावस्था पेंशन, सुकन्या समृद्धि योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना, नशा मुक्ति भारत अभियान एवं प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी दी गई। पुलिस टीम ने महिलाओं एवं बालिकाओं से किसी भी प्रकार की समस्या अथवा उत्पीड़न होने पर बिना संकोच पुलिस की सहायता लेने तथा अपने अधिकारों के प्रति सदैव जागरूक रहने की अपील किया।











