Jaunpur News: टीडीपीजी के दो वरिष्ठ आचार्यों को मुख्यमंत्री से मिला प्रशस्ति पत्र

  • टीडीपीजी के दो वरिष्ठ आचार्यों को मुख्यमंत्री से मिला प्रशस्ति पत्र

तेजस टूडे ब्यूरो
शुभांशू जायसवाल
जौनपुर। तिलकधारी स्नातकोत्तर महाविद्यालय के लिए आज का दिन गौरव एवं हर्ष का रहा। महाविद्यालय के दो वरिष्ठ आचार्यों प्रो. विजय सिंह अध्यक्ष अर्थशास्त्र विभाग तथा प्रो. हरिओम त्रिपाठी अध्यक्ष समाजशास्त्र विभाग को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया। मुख्यमंत्री कार्यालय से आये कर्मचारियों द्वारा प्रातः महाविद्यालय के प्राचार्य प्रोफेसर (डॉ.) राम आसरे सिंह की उपस्थिति में दोनों आचार्यों को यह सम्मान पत्र प्रदान किया गया। प्रशस्ति पत्र में भारतीय सनातन परंपरा में गुरु की महत्ता को रेखांकित करते हुए उल्लेख किया गया है कि गुरु केवल ज्ञान के संवाहक ही नहीं, बल्कि समाज के मार्गदर्शक एवं चेतना निर्माण के आधार स्तंभ भी हैं।
बता दें कि प्रो. विजय सिंह अध्यक्ष अर्थशास्त्र विभाग हैं। साथ ही पूर्वांचल विश्वविद्यालय शिक्षक संघ के पूर्व अध्यक्ष रह चुके हैं। उनके अध्यक्षीय कार्यकाल के दौरान विश्वविद्यालय से सम्बद्ध लगभग 900 महाविद्यालयों के शिक्षक समुदाय को संगठित करने तथा शिक्षक संघ को सशक्त बनाने में उन्होंने महत्वपूर्ण एवं उल्लेखनीय भूमिका निभाई थी। उनके इसी संगठनात्मक योगदान एवं शैक्षिक नेतृत्व को दृष्टिगत रखते हुए उन्हें यह विशेष प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया है।
वहीं प्रो. हरिओम त्रिपाठी वर्तमान में महाविद्यालय के समाजशास्त्र विभाग के अध्यक्ष एवं कौशल विकास पाठ्यक्रम के संयोजक हैं। उन्होंने कौशल विकास के माध्यम से विद्यार्थियों में रोजगारपरक दक्षता विकसित करने, स्वरोजगार को प्रोत्साहित करने, नए रोजगार के अवसरों के सृजन तथा व्यक्तित्व निर्माण की दिशा में उल्लेखनीय योगदान दिया है। विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में कौशल विकास की भूमिका को प्रभावी बनाने के उनके प्रयासों के लिए उन्हें यह विशेष सम्मान प्रदान किया गया है।
इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर महाविद्यालय के प्रबंधक राघवेंद्र प्रताप सिंह, प्राचार्य प्रो. (डॉ) राम आसरे सिंह, प्रो. राहुल सिंह, डॉ. शैलेंद्र सिंह, प्रो. महेंद्र त्रिपाठी, डॉ. अखिलेश सिंह, डॉ. संजीवसेन सिंह, प्रो. के.बी. यादव, प्रो. अजय दुबे, प्रो. हिमांशु सिंह, डॉ. अवनीश सिंह, डॉ विपिन सिंह सहित महाविद्यालय के अनेक शिक्षकगण ने दोनों आचार्यों को बधाई एवं शुभकामना प्रेषित किया।