JAUNPUR NEWS : पूर्व प्रधान के घर पर मनबढ़ों ने जमकर किया ताण्डव
अपराधी प्रवृत्ति के लोगों से परिवार को खतरा, पीड़ित ने लगायी सुरक्षा की गुहार
अजय पाण्डेय
जौनपुर। चन्दवक थाना क्षेत्र के पतरही पुलिस चौकी से मात्र 20 मीटर दूरी पर स्थित कोपा गाँव के पूर्व प्रधान व वरिष्ठ भाजपा नेता सुरेन्द्र जायसवाल के दरवाजे पर बीते मंगलवार की रात्रि चढ़कर मनबढ़ युवकों ने जमकर उपद्रव किया। प्रधान के भाई ने जब विरोध किया तो मनबढ़ों ने उन्हें भी नहीं बख्शा और जमकर पिटाई कर दिया। इस संबंध में पूर्व प्रधान ने चंदवक थाने में 3 लोगों के खिलाफ नामजद प्रार्थना पत्र दिया जिसमें आरोप लगाया है कि गाँव के ही पंकज सिंह पुत्र स्व. राम सुधार सिंह, अभिषेक सिंह उर्फ सोहन पुत्र राधेश्याम सिंह व घर के बगल के तारकेश्वर सिंह रात्रि करीब 8.30 बजे मोटरसाइकिल से आये और गाली देने लगे। जब हमारे बड़े भाई रविन्द्र जायसवाल ने ऐसा करने से मना किया तो ये लोग उन्हें मारने लगे। भाई के चीखने-चिल्लाने पर हम लोग घर के अन्दर से बाहर आये तो ये लोग हम पर भी हमला कर दिये। किसी तरह हम लोग मनबढ़ों के चंगुल से अपने भाई को छुड़ाये और पुलिस को सूचना दिये। इस पर मनबढ़ जानमाल की धमकी देते हुए फरार हो गये। पूर्व प्रधान के अनुसार तीनों मनबढ़ आपराधिक प्रवृत्ति के हैं जो आये दिन किसी न किसी के साथ ऐसी घटना करते रहते हैं। इन लोगों को कुछ क्षेत्रीय भाजपाजनों का आशीर्वाद प्राप्त है। इस बावत थानाध्यक्ष महेश सिंह से पूछा गया तो उन्होंने बताया कि सुरेन्द्र जायसवाल की तहरीर मिली है। मैं जांच कर रहा हूँ।
सिपाही ने पीड़ित पर ही समझौता करने का बनाया दबाव
तीन वर्षों से पतरही पुलिस चौकी पर है तैनात, अवैध वसूली में रहता है लिप्त
जौनपुर। बीते मंगलवार की रात्रि चन्दवक थाना क्षेत्र के कोपा गाँव निवासी वरिष्ठ भाजपा नेता व पूर्व प्रधान सुरेन्द्र जायसवाल के दरवाजे पर चढ़कर मनबढ़ों द्वारा किये गये उपद्रव के मामले में पतरही पुलिस चौकी पर विगत 3 वर्षों से तैनात सिपाही संजय सिंह जब पीड़ित के घर जांच पड़ताल करने पहुंचा तो उल्टे पीड़ित को ही अदब में लेते हुए दोनों तरफ से कार्रवाई करने की धमकी दिया और आपस में समझौता कर लेने का दबाव भी बनाने लगा। पीड़ित के अनुसार, उक्त सिपाही कहने लगा कि उपद्रव करने वाले बड़े ही पावरफुल हैं। उनका सम्बन्ध सांसद व विधायक के साथ व भाजपा के एक क्षेत्रीय बड़े पदाधिकारी से भी है। भाजपा पदाधिकारी और एक प्रधान के कहने पर ही ऐसी घटना घटित हुई है। मान जाओ और समझौता कर लो, वरना मुकदमा दोनों तरफ से होगा। बताते हैं कि सिपाही संजय सिंह 3 वर्षों से पतरही पुलिस चौकी पर अंगद के पाव की तरह जमा पड़ा है और पूरे चौकी क्षेत्र का मठाधीश बनकर इसी तरह के मामलों में बिचौलिये का काम करके मनमाने तरीके से धनउगाही करता है। क्षेत्रीय लोगों ने पुलिस अधीक्षक से उक्त सिपाही को यहाँ से अविलम्ब हटाने की मांग किया है।
आधुनिक तकनीक से करायें प्रचार, बिजनेस बढ़ाने पर करें विचार
हमारे न्यूज पोर्टल पर करायें सस्ते दर पर प्रचार प्रसार।



















