Jaunpur News: बिन्द समाज की राजनीतिक भागीदारी के बिना पूर्वांचल में सत्ता का सपना अधूरा: केवट रामधनी

  • बिन्द समाज की राजनीतिक भागीदारी के बिना पूर्वांचल में सत्ता का सपना अधूरा: केवट रामधनी

तेजस टूडे सं.
संजय शुक्ला
जौनपुर। भारतीय मानव समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष केवट रामधनी बिन्द ने कहा कि उत्तर प्रदेश के पूर्वांचल में बिन्द समाज एक महत्वपूर्ण राजनीतिक ताकत है। इसके बावजूद प्रदेश के प्रमुख राजनीतिक दल बिन्द समाज को उसकी आबादी और राजनीतिक महत्व के अनुरूप हिस्सेदारी देने से लगातार पीछे हट रहे हैं। समाजवादी पार्टी पीडीए (PDA) का नारा देकर पिछड़े, दलित और वंचित समाजों को राजनीतिक भागीदारी का सपना दिखा रही है लेकिन जमीनी स्तर पर बिंद समाज को उचित प्रतिनिधित्व नहीं मिल रहा है। वहीं भारतीय जनता पार्टी भी बिंद समाज को उसके अधिकार और सम्मान के अनुरूप राजनीतिक हिस्सेदारी देने से काफी दूर है।
राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि पूर्वांचल के जौनपुर, भदोही, मिर्जापुर, वाराणसी, चंदौली, गाजीपुर, प्रयागराज, आजमगढ़, बलिया, प्रतापगढ़ सहित 10 जिलों में बिन्द समाज की महत्वपूर्ण उपस्थिति है। पार्टी के आकलन के अनुसार इन जिलों की कम से कम 70 विधानसभा सीटों पर बिन्द समाज निर्णायक भूमिका निभाने की क्षमता रखता है। राजनीतिक दल छोटे-छोटे जातीय संगठनों और क्षेत्रीय दलों से गठबंधन कर सकते हैं लेकिन बिन्द समाज की राजनीतिक भागीदारी को नजरअंदाज करके पूर्वांचल में मजबूत चुनावी सफलता हासिल करना आसान नहीं होगा।
श्री बिन्द ने कहा कि अतिपिछड़ा समाज को राजनीतिक दल केवल वोट बैंक और आलू की तरह इस्तेमाल करते आए हैं। चुनाव के समय सभी दल इनकी बात करते हैं लेकिन सत्ता और संगठन में वास्तविक हिस्सेदारी देने के समय इन्हें पीछे कर दिया जाता है। अब यह स्थिति बदलने वाली है। बिंद समाज अब अपने अधिकार, सम्मान, रोजगार, शिक्षा और राजनीतिक भागीदारी के लिए स्वयं अपनी राजनीतिक ताकत खड़ी करने को तैयार है। हमारी पार्टी 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में लगभग 50 सीटों पर चुनाव लड़ने की तैयारी कर रही है।
राष्ट्रीय अध्यक्ष ने स्पष्ट कहा कि 2027 का विधानसभा चुनाव पूर्वांचल की राजनीति में बिंद समाज की निर्णायक भूमिका का चुनाव होगा। अब बिंद समाज केवल दूसरों को सत्ता तक पहुंचाने के लिए वोट नहीं करेगा, बल्कि अपनी राजनीतिक हिस्सेदारी और नेतृत्व के लिए भी संघर्ष करेगा। “बिंद समाज के बिना समाजवादी पार्टी और भाजपा के लिए सरकार बनाने की राह आसान नहीं होगी। अबकी बार अतिपिछड़ा समाज अपनी ताकत और राजनीतिक भागीदारी का एहसास कराएगा।”