जिला एड्स नियंत्रण सोसायटी ने रोडवेज बस डिपो में लगाया शिविर
तेजस टूडे ब्यूरो
जौनपुर। जिला क्षय रोग अधिकारी ने बताया कि उ.प्र.रा.ए.नि. सोसायटी से प्राप्त निर्देशानुसार जिला एड्स नियंत्रण सोसायटी जौनपुर के तत्वावधान में 9 अक्टूबर से दो दिवसीय स्वास्थ्य शिविर का आयोजन उ.प्र. राज्य सड़क परिवहन निगम रोडवेज बस डिपो परिसर में आयोजित हुआ। शिविर के अन्तर्गत डिपो में कार्यरत समस्त चालकों/परिचालकों एवं सहयोगी स्टाफ का नेत्र जांच एवं सामान्य रक्त परीक्षण एच.आई.वी. जांच एवं परामर्श, टी.बी. स्क्रीनिंग एवं जांच, एस.टी.आई. परामर्श एवं जांच हेपेटाइटिस जांच एवं परामर्श तथा सिफलिस की जांच की सुविधाएं प्रदान की गयी।
जौनपुर बस डिपो की सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक स्नेहलता ने शिविर का उद्घाटन करते हुए डिपो अन्तर्गत कार्यरत समस्त स्टाफ को अपना स्वास्थ्य परीक्षण कराये जाने का निर्देश दिया। जनपदीय स्वास्थ्य टीम में आई.सी.टी.सी. एल.टी., आई.सी.टी.सी. काउंसलर के साथ फिजीशियन, एल.टी., नेत्र परीक्षण अधिकारी, फार्मासिस्ट एवं वार्ड ब्वाय शामिल थे।
जनपद स्तर से जिला टी.बी. उन्मूलन कार्यक्रम अंतर्गत जिला कार्यक्रम समन्वयक सलिल यादव, पी.पी.एम. समन्वयक सुरेन्द्र निषाद के साथ वरिष्ठ लैब पर्यवेक्षक सुशील अग्रहरि द्वारा स्वास्थ्य शिविर का सहयोगात्मक पर्यवेक्षण करते हुए टी.बी. लक्षण संभावित सभी व्यक्तियों के टी.बी. जांच हेतु बलगम प्रदान किये जाने, एक्स-रे कराये जाने की भी सलाह दी गयी।











