HomeJaunpurJaunpur News: डेढ़ घण्टे जाम में डूबा रहा खेतासराय

Jaunpur News: डेढ़ घण्टे जाम में डूबा रहा खेतासराय

  • डेढ़ घण्टे जाम में डूबा रहा खेतासराय

  • कड़ी मशक्कत के बाद लोगों ने ली चैन की सांस

तेजस टूडे सं.
राकेश शर्मा
खेतासराय, जौनपुर। स्थानीय कस्बे में जाम की समस्या अब लोगों के लिए रोजमर्रा की परेशानी बनती जा रही है। बुधवार को भी बाजार में वाहनों की लंबी कतार लग गई। देखते ही देखते मुख्य मार्ग से लेकर बाजार की गलियों तक आवागमन बाधित हो गया। करीब डेढ़ घंटे तक लोग जाम में फंसे रहे। पुलिस और होमगार्ड के जवानों को यातायात बहाल कराने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी। कस्बे में सड़क की पटरियों पर ठेले वालों का कब्जा और जगह-जगह खड़े ई-रिक्शा जाम की समस्या को बढ़ा रहे हैं।

नगर प्रशासन की ओर से ठेले वालों के लिए कोई निर्धारित स्थान की व्यवस्था नहीं होने से वे सड़क किनारे ही दुकान लगाते हैं। वहीं ई-रिक्शा चालक भी सवारियों के इंतजार में बाजार में जगह-जगह वाहन खड़ा कर देते हैं। इससे राष्ट्रीय राजमार्ग 135ए पर आवागमन प्रभावित होता है। बुधवार सुबह करीब 11 बजे खुटहन रोड की तरफ से निर्माण कार्य में लगे कई डंपर सामान लेकर एक साथ चौराहे पर पहुंच गए। डंपरों के मुड़ने के दौरान सड़क की पटरियों पर अतिक्रमण के चलते रास्ता संकरा हो गया और उनके पहिए थम गये।
इसके बाद देखते ही देखते बाजार में वाहनों की लंबी कतार लग गई। जाम का असर स्टेशन गली, बड़ी मस्जिद गली और गोला बाजार की गलियों तक पहुंच गया। राहगीरों और बाजार में खरीदारी करने आए लोगों को भी परेशानी उठानी पड़ी। मौके पर पहुंचे पुलिस और होमगार्ड के जवानों ने डम्फरों को निकलवाकर यातायात सुचारु कराया। दोपहर करीब साढ़े 12 बजे स्थिति सामान्य हो सकी।

 

 

 

 

 

Must Read