Jaunpur News: बाइक एवं पिकअप की टक्कर में दम्पत्ति समेत 3 घायल

  • बाइक एवं पिकअप की टक्कर में दम्पत्ति समेत 3 घायल

तेजस टूडे सं.
राकेश शर्मा
खेतासराय, जौनपुर। शाहगंज-जौनपुर मुख्य मार्ग पर बुधवार शाम गोरारी बाजार में बाइक और पिकअप की टक्कर हो गई। टक्कर में बाइक सवार दंपती और उनकी छह वर्षीय बेटी घायल हो गई। महिला के सिर में गंभीर चोट लगने के कारण नजदीकी अस्पताल में उसका उपचार चल रहा है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार आजमगढ़ जिले के दुवावे निवासी मोहम्मद सुल्तान (28) पुत्र परवेज अपनी पत्नी अफरोजा (24) और बेटी आयशा (6) के साथ बाइक से गोरारी बाजार में कपड़े की खरीदारी करने आए थे। इसके बाद वे अपने ननिहाल उसरहटा जा रहे थे। इसी दौरान कानपुर निवासी पिकअप चालक राजू खाली पिकअप लेकर जौनपुर की तरफ जा रहा थे। गोरारी बाजार में दोनों वाहनों की टक्कर हो गई।

बताया गया कि उक्त हादसे में बाइक सवार तीनों लोग घायल हो गये। टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई जबकि पिकअप का पिछला टायर भी फट गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।