शाहापुर में बाबा साहेब की प्रतिमा स्थल का होगा कायाकल्प
बाउण्ड्रीवाल निर्माण को मिले 10 लाख रूपये
ग्रामवासियों की सामूहिक पहल लायी रंग

तेजस टूडे सं.
राकेश शर्मा
खेतासराय, जौनपुर। स्थानीय क्षेत्र के शाहापुर गाँव के लोगों की ओर से उठाई गई आवाज अब रंग लाने लगी है। भारत रत्न एवं संविधान निर्माता बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा स्थल के सौंदर्यीकरण और परिसर की बाउंड्रीवाल निर्माण के लिए 10 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत हो गई है। इसमें करीब 75 प्रतिशत धनराशि निर्माण कार्य के लिए अवमुक्त भी हो चुकी है। जल्द ही निर्माण कार्य शुरू होने की उम्मीद है।
बता दें कि बीते 15 अप्रैल को बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती पर ग्राम पंचायत शाहापुर में कार्यक्रम किया गया था। मुख्य अतिथि के रूप में समाजसेवी सतीश यादव प्रिंस शामिल हुए थे। कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों ने बाबा साहेब की प्रतिमा स्थल की बदहाल व्यवस्था को बेहतर बनाने, परिसर का सौंदर्यीकरण कराने और सुरक्षा के दृष्टिकोण से चारों ओर बाउंड्रीवाल बनवाने की माँग उठाई थी। इस संबंध में ग्रामवासियों ने सामूहिक रूप से सतीश यादव प्रिंस को ज्ञापन सौंपकर अपनी अपेक्षाओं से अवगत कराया था।
ग्रामीणों की मांग को गम्भीरता से लेते हुए समाजसेवी सतीश यादव प्रिंस ने इसे सदर विधानसभा क्षेत्र के विधायक एवं उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री गिरीश चंद्र यादव के समक्ष रखा। उन्होंने प्रतिमा स्थल के विकास और ग्रामीणों की भावनाओं से उन्हें अवगत कराया। निर्माण कार्य के लिए 10 लाख रुपये की स्वीकृति मिल गई। अब धनराशि का बड़ा हिस्सा अवमुक्त होने के बाद निर्माण कार्य शुरू होने का रास्ता साफ हो गया है।







