HomeJaunpurJaunpur News: दुर्गा पूजा सहित आगामी त्योहारों को लेकर जिला शान्ति समिति...

Jaunpur News: दुर्गा पूजा सहित आगामी त्योहारों को लेकर जिला शान्ति समिति ने की बैठक

  • दुर्गा पूजा सहित आगामी त्योहारों को लेकर जिला शान्ति समिति ने की बैठक

  • तैयारियों को समयबद्ध ढंग से पूर्ण करने के डीएम ने दिये निर्देश

तेजस टूडे ब्यूरो
जौनपुर। जिलाधिकारी सैमुअल पाल एन. की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जिला शांति समिति की बैठक हुई जहां दुर्गा पूजा सहित आगामी अन्य त्योहारों को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के संबंध में विस्तृत समीक्षा की गई।

इस मौके पर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि त्योहारों के दृष्टिगत सभी आवश्यक तैयारियां तत्काल प्रारम्भ कर समयबद्ध ढंग से पूर्ण की जाएं। उन्होंने अधीक्षण अभियंता लोक निर्माण विभाग को क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत एवं पैचिंग कार्य प्राथमिकता के आधार पर कराने के निर्देश दिये। साथ ही एक्सईएन जल निगम (शहरी) को सभी सीवर एवं मैनहोल के खुले ढक्कनों को तत्काल बन्द कराने तथा अधीक्षण अभियंता विद्युत को जर्जर तारों एवं खम्भों को बदलने के निर्देश दिये।

जिलाधिकारी ने धर्मराज राम अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद को निर्देशित किया कि नगर क्षेत्र में कहीं भी जलभराव की स्थिति न उत्पन्न होने पाये। इसके लिए समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाय। साथ ही प्रमुख मार्गों, पूजा पंडालों एवं विसर्जन स्थलों पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था तथा साफ-सफाई की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने विसर्जन मार्गों एवं स्थलों की सभी आवश्यक तैयारियां पूर्व से ही पूर्ण करने के निर्देश दिये। दुर्गा पूजा पंडालों एवं प्रमुख मार्गों पर सड़क मरम्मत एवं पैचिंग कार्य समय से पूर्ण कर लिये जायं। लोक निर्माण विभाग एवं जिला पंचायत विभाग के अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि त्योहारों के दौरान किसी प्रकार की दुर्घटना होने की स्थिति में संबंधित अधिकारी की जिम्मेदारी निर्धारित की जायेगी।

इस दौरान शांति समिति के सदस्यों ने सड़क, विद्युत, कूड़ा उठान, सुरक्षा, यातायात एवं अन्य जनसमस्याओं को जिलाधिकारी के समक्ष रखा जिस पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों को त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण के निर्देश दिये। सदस्यों ने यह भी बताया कि कुछ अराजक तत्वों द्वारा आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (ए०आई०) के माध्यम से भ्रामक वीडियो तैयार करके सोशल मीडिया पर प्रसारित कर भ्रम की स्थिति उत्पन्न करने का प्रयास किया जा रहा है। इस पर जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि ऐसे मामलों की निगरानी करते हुए तथ्यात्मक जांच कर दोषी पाये जाने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध आईटी एक्ट एवं प्रचलित विधिक प्रावधानों के तहत नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाय। जनपद में कहीं भी खुदाई का कार्य कराने से पूर्व नगर मजिस्ट्रेट के यहाँ से अनुमति अवश्य प्राप्त करें। पानी टंकी से इंग्लिश क्लब, हाइडिल तक सड़क पर एकत्रित अवैध मिटी, बालू सहित अन्य सामग्री को हटाने का निर्देश ई०ओ० नगर पालिका को दिया। साथ ही त्योहारों के दौरान मोबाइल शौचालय की व्यवस्था भी कराने के निर्देश दिये गये।

जिलाधिकारी ने दुर्गा पूजा समितियों के पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी पंडालों में प्रवेश एवं निकास की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। सड़क अवरुद्ध अथवा हाईटेंशन विद्युत तारों के नीचे किसी भी स्थिति में पंडाल स्थापित न किये जायं। प्रत्येक पंडाल में सीसीटीवी कैमरे सक्रिय अवस्था में रहें तथा पर्याप्त संख्या में स्वयंसेवकों (वालेंटियर्स) की ड्यूटी लगाई जाए। स्वयंसेवकों के लिए अपने स्तर से पहचान पत्र अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराये जायं। प्रत्येक पंडाल में अग्निशमन यंत्रों की पर्याप्त व्यवस्था हो तथा विद्युत सुरक्षा मानकों का पूर्ण पालन किया जाय। साथ ही भीड़ नियंत्रण एवं सुचारु यातायात व्यवस्था के लिए आवश्यकतानुसार ट्रैफिक डायवर्जन की व्यवस्था सुनिश्चित की जाय। जनपदवासियों से अपील किया कि सभी नागरिक आपसी भाईचारे, सौहार्द एवं पारंपरिक तरीके से आगामी त्योहारों को हर्षोल्लास के साथ मनायें तथा शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें।

इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी वित्त राजस्व परमानन्द झा, मुख्य राजस्व अधिकारी अजय अम्बष्ट, नगर मजिस्ट्रेट, सम्बन्धित विभागों के अधिकारी, श्री दुर्गा पूजा महासमिति के पदाधिकारी, जिला शांति समिति के सदस्यगण उपस्थित रहे।

 

 

 

 

Must Read