Jaunpur news: महिलाओं की सुरक्षा, सम्पत्ति अधिकार एवं आर्थिक सशक्तिकरण को लेकर राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष ने की समीक्षा बैठक

  • महिलाओं की सुरक्षा, सम्पत्ति अधिकार एवं आर्थिक सशक्तिकरण को लेकर राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष ने की समीक्षा बैठक

तेजस टूडे ब्यूरो
जौनपुर। राष्ट्रीय महिला आयोग भारत सरकार की अध्यक्ष विजया रहाटकर ने कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी उमेश मिश्रा, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह सहित जनपद के वरिष्ठ प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक की। बैठक में महिला सुरक्षा, महिला उत्पीड़न से संबंधित शिकायतों के निस्तारण, महिलाओं के संपत्ति अधिकार, आर्थिक एवं सामाजिक सशक्तिकरण तथा केंद्र एवं प्रदेश सरकार द्वारा संचालित महिला कल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक में अध्यक्ष ने कहा कि परित्यक्त महिलाओं, जिन्हें उनके पति द्वारा छोड़ दिया गया है अथवा जिन्हें भरण-पोषण का लाभ नहीं मिल पा रहा है, से संबंधित शिकायतें आयोग के समक्ष बड़ी संख्या में प्राप्त होती हैं। ऐसे मामलों में महिलाओं के साथ उनके बच्चों के भविष्य और अधिकारों को ध्यान में रखते हुए संवेदनशीलता के साथ प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि ऐसी महिलाओं को सरकारी योजनाओं, विधिक सहायता एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं से जोड़ने के लिए विशेष प्रयास किए जाने चाहिए।
इस दौरान प्रस्तुत विभागीय आंकड़ों एवं प्रेजेंटेशन पर असंतोष व्यक्त करते हुए अध्यक्ष ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि आयोग द्वारा निर्धारित प्रारूप में सभी विभाग अद्यतन एवं पूर्ण आंकड़ों के साथ विस्तृत रिपोर्ट तैयार करें तथा आगामी 2 से 3 दिनों के भीतर आयोग को उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें। महिला कल्याण से जुड़ी योजनाओं की प्रगति केवल कागजों तक सीमित न रहे, बल्कि पात्र महिलाओं तक उनका वास्तविक लाभ पहुंचना चाहिए।
अंत में जिलाधिकारी, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सहित संबंधित अधिकारियों ने अध्यक्ष को आश्वस्त किया कि मुख्यमंत्री की मंशा एवं राष्ट्रीय महिला आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप महिला सुरक्षा, सम्मान एवं सशक्तिकरण के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएंगे। कन्या सुमंगला योजना, जननी सुरक्षा योजना सहित महिलाओं के कल्याण एवं सुरक्षा से जुड़ी सभी योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों तक समयबद्ध एवं पारदर्शी ढंग से पहुंचाने के लिए विभागीय समन्वय को और मजबूत किया जाएगा। अध्यक्ष ने अधिकारियों से अपेक्षा किया कि महिलाओं की समस्याओं को प्राथमिकता देते हुए उन्हें न्याय, सुरक्षा, सम्मान और आत्मनिर्भरता का बेहतर वातावरण उपलब्ध कराने की दिशा में पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य किया जाय। इस अवसर पर राष्ट्रीय महिला आयोग सदस्य अर्चना मिश्रा, मुख्य विकास अधिकारी नरेंद्र बहादुर सिंह, परियोजना निदेशक केके पाण्डेय सहित अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे।