साइबर ठगी करने वाले अन्तरराज्यीय गिरोह का हुआ पर्दाफाश, सरगना समेत दो शातिर गिरफ्तार
तेजस टूडे ब्यूरो
जितेन्द्र सिंह चौधरी/अतुल राय
वाराणसी। पुलिस कमिश्नरेट की साइबर क्राइम थाना टीम ने मैट्रीमोनियल वेबसाइट के माध्यम से महिलाओं को प्रेमजाल में फंसाकर विदेश से कोरियर भेजने और फर्जी कस्टम अधिकारी बनकर लाखों रुपये की साइबर ठगी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए सरगना समेत दो शातिर साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन तथा नकदी भी बरामद की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बीते 13 मार्च को पूनम (काल्पनिक नाम) निवासी वाराणसी ने थाना साइबर क्राइम में शिकायत दर्ज कराई थी कि अज्ञात साइबर अपराधियों ने मैट्रीमोनियल वेबसाइट के माध्यम से संपर्क स्थापित कर उन्हें अपने झांसे में लिया। इसके बाद विदेश से महंगा उपहार एवं कोरियर भेजने का प्रलोभन देकर स्वयं को कस्टम अधिकारी बताकर विभिन्न शुल्कों के नाम पर उनसे बड़ी धनराशि की ठगी कर ली गई। शिकायत के आधार पर थाना साइबर क्राइम में मुकदमा दर्ज कर प्रभारी निरीक्षक उदयवीर सिंह द्वारा विवेचना प्रारंभ की गई। प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल, पुलिस उपायुक्त अपराध नीतू कादयान तथा अपर पुलिस उपायुक्त अपराध नृपेन्द्र के निर्देशन में त्वरित कार्रवाई हेतु विशेष टीम का गठन किया गया।
सहायक पुलिस आयुक्त साइबर अपराध विदुष सक्सेना के नेतृत्व में गठित टीम ने तकनीकी साक्ष्यों एवं गहन जांच के आधार पर लगातार पतारसी एवं सुरागरसी करते हुए 31 मई को बिहार के मोतिहारी क्षेत्र से गिरोह के दो शातिर सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार अभियुक्तों के पास से साइबर ठगी में प्रयुक्त मोबाइल फोन एवं नकदी बरामद की गई है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्त मैट्रीमोनियल वेबसाइटों के माध्यम से महिलाओं को निशाना बनाकर भावनात्मक रूप से विश्वास में लेते थे। इसके बाद विदेश से उपहार, पार्सल या कोरियर भेजने का झांसा देकर फर्जी कस्टम अधिकारियों के माध्यम से विभिन्न शुल्कों के नाम पर धनराशि वसूलते थे। इस सफलता में प्रभारी निरीक्षक उदयवीर सिंह, निरीक्षक विजय नारायण मिश्र, उपनिरीक्षक संजीव कनौजिया, उपनिरीक्षक शैलेन्द्र कुमार, हेड कांस्टेबल गौतम कुमार, कांस्टेबल चन्द्रशेखर यादव, कांस्टेबल पृथ्वीराज सिंह, कांस्टेबल अनिल यादव, चालक विजय कुमार सहित साइबर क्राइम थाना की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
एसीपी विदुष सक्सेना ने टीम की सराहना करते हुए आमजन से अपील किया कि सोशल मीडिया एवं मैट्रीमोनियल वेबसाइटों पर अज्ञात व्यक्तियों के झांसे में न आयें तथा किसी भी प्रकार की संदिग्ध ऑनलाइन गतिविधि की तत्काल सूचना साइबर हेल्पलाइन 1930 अथवा निकटतम साइबर थाना को दें।
आधुनिक तकनीक से करायें प्रचार, बिजनेस बढ़ाने पर करें विचार
हमारे न्यूज पोर्टल पर करायें सस्ते दर पर प्रचार प्रसार।








600 बीमारी का एक ही दवा RENATUS NOVA

