वाराणसी में बदमाशों का हौंसला बुलन्द, घर में घुसकर दरोगा को मारी गोली
अनन्त अस्पताल रोहनियां में भर्ती, मौके पर पहुंचे तमाम पुलिस अधिकारी घायल की हालत खतरे से बाहर: डा. आलोक शर्मा
कुमार विनीत
वाराणसी। जनपद के जगतपुर स्थित अपने निर्माणाधीन मकान पर पहुंचे दारोगा को पीछे से आए बाइक सवार तीन दुस्साहसी बदमाशों ने गोली मारकर उनकी सरकारी पिस्टल, पर्स और मोबाइल लूट लिया। दारोगा को गोली मारकर लूट की घटना से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। घायल दारोगा को अनंत अस्पताल रोहनिया में भर्ती कराया गया है। उच्चाधिकारियों ने घटनास्थल और अस्पताल पहुंचकर घटना की जानकारी करते हुये जांच किया।
घटना की वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सकी है। बदमाशों ने गोली मारने के बाद कहा कि बहुत गुंडा बनते हो। जानकारी के अनुसार पुलिस कमिश्नरेट के लक्सा थाने में तैनात दारोगा अजय यादव 2015 बैच के मूल रूप से प्रतापगढ़ जिले के भीखमपुर गांव के रहने वाले हैं। अजय ने बताया कि जैसे ही अपने मकान के पास पहुंचकर बाइक खड़ा कर रहा था। अचानक दो बदमाश गर्दन पकड़ लिए। हेलमेट लगा होने के कारण समझ नहीं पाया लेकिन दोनों बदमाशों को लेकर नहर में कूद गया। इसी दौरान तीसरे बदमाश ने गोली मार दिया जिसके बाद मैं गिर गया।
इसके बाद सभी मेरी पिस्टल, पर्स और मोबाइल लूट ले गए। घटना के बाद बाइक पर सवार होकर बदमाश असलहा लहराते हुए भाग निकले। घायल को उपचार हेतु उपरोक्त अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां तमाम पुलिस अधिकारी पहुंचकर घटना की जानकारी लेते हुये घायल दरेागा का हालचाल लिये। वहीं इस बाबत हॉस्पिटल के निदेशक डा. आलोक शर्मा ने बताया कि गोली सीने से पीठ की तरफ पार हो गई है। फिलहाल हालत खतरे से बाहर है। समाचार लिखे जाने तक घायल दरोगा का उपचार चल रहा था।
आधुनिक तकनीक से करायें प्रचार, बिजनेस बढ़ाने पर करें विचार हमारे न्यूज पोर्टल पर करायें सस्ते दर पर प्रचार प्रसार।