मतदाता सूची पुनरीक्षण में किसी पात्र मतदाता का नाम छूटने न पाये: मण्डलायुक्त

  • मतदाता सूची पुनरीक्षण में किसी पात्र मतदाता का नाम छूटने न पाये: मण्डलायुक्त

  • रोल प्रेक्षक ने कलेक्ट्रेट सभागार में की विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान की समीक्षा

तेजस टूडे ब्यूरो
अजय जायसवाल
गोरखपुर। मतदाता सूची को शुद्ध, पारदर्शी और त्रुटिरहित बनाने के लिए चल रहे विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान को लेकर मंडलायुक्त एवं रोल प्रेक्षक इंद्र विक्रम सिंह ने कलेक्ट्रेट सभागार में समीक्षा बैठक की। उन्होंने निर्वाचन कार्यों की प्रगति की जानकारी लेते हुए अधिकारियों को निर्देश दिया कि अभियान के दौरान कोई भी पात्र मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रह जाय। बैठक में जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी दीपक मीणा सहित निर्वाचन कार्य से जुड़े अधिकारी मौजूद रहे।
समीक्षा के दौरान मंडलायुक्त ने मतदाता सूची में नए नाम जोड़ने, अपात्र नाम हटाने और विभिन्न विवरणों में संशोधन के लिए प्राप्त आवेदनों के निस्तारण की स्थिति की जानकारी लेते हुये कहा कि मतदाता सूची लोकतांत्रिक व्यवस्था का महत्वपूर्ण आधार है। इसकी शुद्धता सुनिश्चित करना निर्वाचन से जुड़े प्रत्येक अधिकारी की जिम्मेदारी है, इसलिए पुनरीक्षण का कार्य पूरी गंभीरता, निष्पक्षता और पारदर्शिता के साथ किया जाए। उन्होंने निर्देश दिया कि दावे और आपत्तियों का निर्धारित समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण निस्तारण किया जाए। विशेष रूप से 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके युवाओं का नाम मतदाता सूची में शामिल कराने पर ध्यान दिया जाए। नाम, पता, आयु सहित अन्य विवरणों में संशोधन के आवेदनों की भी सावधानीपूर्वक जांच की जाए, ताकि किसी प्रकार की त्रुटि की गुंजाइश न रहे।
मंडलायुक्त ने कहा कि पुनरीक्षण अभियान के प्रति आम नागरिकों को जागरूक किया जाए। उन्हें मतदाता सूची में नाम जुड़वाने, संशोधन कराने और निर्धारित प्रपत्रों के उपयोग की जानकारी उपलब्ध कराई जाए। बूथ स्तर पर चल रहे कार्यों की नियमित निगरानी की जाए और किसी भी स्तर पर लापरवाही अथवा अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जिलाधिकारी दीपक मीणा ने जिले में चल रहे पुनरीक्षण अभियान की प्रगति से मंडलायुक्त को अवगत कराया। निर्वाचन कार्य में लगे अधिकारियों एवं कर्मचारियों के माध्यम से अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित किया जा रहा है। मंडलायुक्त ने कहा कि मतदाता सूची का पुनरीक्षण महज औपचारिक प्रक्रिया नहीं, बल्कि प्रत्येक पात्र नागरिक के मतदान के अधिकार को सुनिश्चित करने का महत्वपूर्ण दायित्व है। सभी अधिकारी आपसी समन्वय और जिम्मेदारी के साथ अभियान को सफल बनायें।