बारिश के साथ ओलावृष्टि से किसानों की फसलों को हुआ नुकसान
बारिश के साथ ओलावृष्टि से किसानों की फसलों को हुआ नुकसान
रंजीत सिंह
कालपी, जालौन। आखिर किसानों की किस्मत दगा दे ही गई। रविवार देर रात तेज बरसात के साथ हुई ओलावृष्टि से उनकी उम्मीदों की फसलें बर्बाद हो गई हैं। मौसम की बेरुखी किसानों के लिए कोई नई बात नहीं है। अक्सर ही वह उसके शिकार हो जाते हैं जिसकी वजह से उनकी अर्थव्यवस्था गड़बड़ा गई है। हालांकि हौसलों के धनी किसान चोट खाने के बाद फिर से अच्छी उपज होने की उम्मीद में उत्साह से लग जाते हैं और यह सिलसिला विगत कई वर्षों से चल रहा है लेकिन मौसम हर बार उन्हें मात दे जा रहा है। विदित हो कि इस समय फसलें अपने शबाब पर हैं। ऐसे में रविवार को आए बादलों को देखकर किसान परेशान हो उठे थे। उन्हें अपनी फसलों पर संकट के बादल मंडराते दिख रहे थे और यह संशय रविवार रात हकीकत में बदल गया था। सूत्रों की मानें तो ओलावृष्टि व बरसात से सबसे ज्यादा फसलों को नुकसान महेवा ब्लाक में हुआ है। आलम यह है कि मौसम के अटैक से लाही, मटर, मसूर, चना आदि की फसलों में काफी क्षति हुई है। ब्लाक क्षेत्र के ग्राम महेवा, गढग़ुवां, पिपरौंधा, गोरा कला, मगरौल, पडऱी, नरहान, निवहना सहित इस क्षेत्र के अधिकांश गांवों में किसानों की फसलें क्षतिग्रस्त हुई हैं। वहीं बेमौसम बरसात से कदौरा ब्लाक क्षेत्र में फसलों को आंशिक क्षति पहुंची है। तहसीलदार अभिनव तिवारी के अनुसार लेखपालों को ओलावृष्टि से फसलों को हुए नुकसान को जांचने के निर्देश दिए गए हैं।
आधुनिक तकनीक से करायें प्रचार, बिजनेस बढ़ाने पर करें विचार
हमारे न्यूज पोर्टल पर करायें सस्ते दर पर प्रचार प्रसार।