परिवार नियोजन को मिलेगा नया बल
बहराइच के 4 और केन्द्रों पर ‘उम्मीद काउंसलिंग कॉर्नर’ की हुई शुरूआत
खैरीघाट, बरदहा कला, पयागपुर और रामनगर खजुरी में खुला संवाद और सशक्त विकल्पों की सुविधा
तेजस टूडे ब्यूरो
अब्दुल शाहिद
बहराइच। परिवार नियोजन सेवाओं को जन-जन तक पहुंचाने और दंपतियों को सटीक परामर्श उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिले के चार और स्वास्थ्य केंद्रों पर हाल ही में ‘उम्मीद काउंसलिंग कॉर्नर’ की स्थापना की गई है।
ये केंद्र ब्लॉक शिवपुर के सीएचसी खैरीघाट, पीएचसी बरदहा कला व ब्लॉक पयागपुर के सीएचसी पयागपुर और पीएचसी रामनगर खजुरी में अब दंपतियों को वैज्ञानिक, सम्मानजनक और गोपनीय वातावरण में परिवार नियोजन परामर्श उपलब्ध कराएंगे। यह पहल मोबियस फाउंडेशन के सहयोग से पॉपुलेशन फाउंडेशन ऑफ इंडिया द्वारा संचालित ‘उम्मीद परियोजना’ के तहत की जा रही है जो जिले में परिवार कल्याण कार्यक्रमों को जन-संवाद से जोड़ने और व्यवहार परिवर्तन को बढ़ावा देने का कार्य कर रही है। काउंसलिंग कॉर्नर की खासियत-उम्मीद काउंसलिंग कॉर्नर’ में प्रशिक्षित महिला परामर्शदाता के माध्यम से दंपतियों को स्थायी और अस्थायी गर्भनिरोधक साधनों की विस्तृत जानकारी दी जाती है। यहां ऑडियो-विजुअल सामग्री, पोस्टर, फ्लिपबुक और मॉडल्स की सहायता से बातचीत को सरल और प्रभावी बनाया गया है।
——इनसेट——
स्वास्थ्य विभाग एवं समुदाय की सकारात्मक प्रतिक्रिया
सीएचसी खैरीघाट के चिकित्सा प्रभारी डॉ. विकास सिंह ने कहा, “यह कॉर्नर न केवल सेवाएं देगा, बल्कि सोच को भी बदलेगा। यह पहल ग्रामीण परिवारों को उनके स्वास्थ्य और निर्णयों में सशक्त बनाएगी।” स्थानीय महिलाओं ने भी इसे राहत भरी पहल बताया। पीएचसी बरदहा कला पर आई एक महिला ने कहा, “पहली बार ऐसा लगा कि हम अपनी बात बिना झिझक के कह सकते हैं और हमारी बात भी गोपनीय रहेगी।” जनपद में काउंसलिंग सेवाओं का लगातार विस्तार-डीपीम सरजू खान ने बताया कि चार नए केंद्रों के साथ अब जनपद बहराइच में कुल 10 सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और 1 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में ‘उम्मीद काउंसलिंग कॉर्नर’ सक्रिय हो चुके हैं। इस पहल से परिवार नियोजन जैसी संवेदनशील सेवा को अब स्थायी ढांचे और सम्मानजनक संवाद के जरिए ग्रामीण समाज में मजबूती मिलेगी।
आधुनिक तकनीक से करायें प्रचार, बिजनेस बढ़ाने पर करें विचार
हमारे न्यूज पोर्टल पर करायें सस्ते दर पर प्रचार प्रसार।











