जनगणना–2027 के स्व-गणना अभियान का किया गया व्यापक प्रचार-प्रसार

तेजस टूडे ब्यूरो
देवी प्रसाद शर्मा
आजमगढ। जनपद में राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा एवं पोषण मिशन–न्यूट्रीसीरियल घटक (केन्द्र सेक्टर) योजनान्तर्गत आयोजित जनपद स्तरीय मिलेट्स महोत्सव/मेला एवं उत्तर प्रदेश मिलेट्स पुनरोद्धार कार्यक्रम (राज्य सेक्टर) योजनान्तर्गत आयोजित मिलेट्स रेसिपी विकास एवं उपभोक्ता जागरूकता कार्यक्रम पर जनगणना–2027 के स्व-गणना अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार किया गया।
इस दौरान जनगणना–2027 के संबंध में उपस्थित प्रतिभागियों, किसानों, उपभोक्ताओं एवं आमजन को जागरूक करते हुए स्व-गणना की उपयोगिता एवं इसकी सरल प्रक्रिया के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। लोगों को बताया गया कि स्व-गणना के माध्यम से वे स्वयं अपने परिवार एवं आवास से संबंधित निर्धारित विवरण आधिकारिक पोर्टल https://se.census.gov.in पर दर्ज कर सकते हैं। इसके लिए मोबाइल नंबर के माध्यम से ओटीपी आधारित लॉगिन की सुविधा उपलब्ध है। स्व-गणना पूर्ण होने के उपरांत प्राप्त स्व-गणना आईडी (SE ID) को सुरक्षित रखने की भी जानकारी दी गई।
आमजन को बताया गया कि जनगणना केवल जनसंख्या की गणना तक सीमित नहीं है, बल्कि इससे प्राप्त आंकड़े भविष्य की विकास योजनाओं, सार्वजनिक सुविधाओं तथा विभिन्न कल्याणकारी कार्यक्रमों के प्रभावी नियोजन एवं क्रियान्वयन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। प्रत्येक परिवार की सहभागिता जनगणना को अधिक सटीक एवं उपयोगी बनाने में सहायक होगी। कार्यक्रम में जनपद के चारों मास्टर ट्रेनर इं. कुलभूषण सिंह, अरविंद यादव, सैमुल्लाह अंसारी एवं मनीष चौहान उपस्थित रहे। उनके द्वारा प्रतिभागियों को स्व-गणना पोर्टल की जानकारी देने के साथ ही इसकी प्रक्रिया से संबंधित जिज्ञासाओं का समाधान किया गया तथा अधिक से अधिक परिवारों को स्व-गणना अभियान से जुड़ने के लिए प्रेरित किया गया। मास्टर ट्रेनर्स ने आमजन से अपील किया कि वे स्वयं स्व-गणना करें तथा अपने परिवार, परिचितों एवं आसपास के लोगों को भी इस अभियान के प्रति जागरूक करें, ताकि जनगणना–2027 में जनपद की अधिकतम सहभागिता सुनिश्चित की जा सके।







