अपराध नियंत्रण में एलआईयू प्रभारी सहित 7 को एसएसपी ने किया सम्मानित

तेजस टूडे ब्यूरो
देवी प्रसाद शर्मा
आजमगढ़। उत्कृष्ट कार्य और अपराध नियंत्रण में योगदान देने पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने पुलिस कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान 7 पुलिसकर्मियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। गो-तस्करों, अवैध शस्त्र/लाइसेंस, संदिग्ध विदेशियों और असामाजिक तत्वों से जुड़ी गोपनीय सूचनाएं जुटाकर विधिक कार्रवाई कराने में अहम भूमिका निभाने वाले LIU प्रभारी अरविन्द कुमार राय को भी सम्मानित किया गया जिन्हें वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, अपर पुलिस अधीक्षक नगर और अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण द्वारा 3 अलग-अलग प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए। अरविन्द राय ने बताया कि 15 अगस्त और 26 जनवरी के अलावा इतिहास में पहली बार ऐसे कार्यों पर किसी LIU इंस्पेक्टर को यह सम्मान मिला है। गोपनीयता के कारण उनके जोखिम भरे कार्यों का सार्वजनिक ब्योरा साझा नहीं किया गया। हालांकि उनकी सरलता और अवैध गतिविधियों पर पैनी नजर की सराहना की गई।
इनके अलावा 11 नवंबर को तरवां क्षेत्र के भरतीपुर स्थित टीवीएस एजेंसी में हुई चोरी का सफल अनावरण व माल बरामदगी करने वाली टीम के 6 कर्मी—थानाध्यक्ष तरवां राजीव सिंह, उ0नि0 सूरज तिवारी, हे0का0 संजय द्विवेदी, का0 बिपिन यादव, का0 आलोक सिंह और ओपी दिनेश यादव शामिल हैं। सम्मान समारोह में अपर पुलिस अधीक्षक नगर मानुष पारीक, अपर पुलिस अधीक्षक यातायात पंकज श्रीवास्तव, क्षेत्राधिकारी लालगंज आस्था जायसवाल, क्षेत्राधिकारी फूलपुर भूपेश पाण्डेय, सीओ सदर/लाइन ईश्वरलाल गुर्जर सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। एसएसपी डॉ. अनिल कुमार ने सभी पुलिसकर्मियों का हौसला बढ़ाते हुए भविष्य में भी इसी निष्ठा, सतर्कता और समर्पण के साथ काम करने की अपील किया।







