राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों संग जिला निर्वाचन अधिकारी ने की बैठक

  • राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों संग जिला निर्वाचन अधिकारी ने की बैठक

तेजस टूडे ब्यूरो
देवी प्रसाद शर्मा
आजमगढ़। भारत निर्वाचन आयोग एवं मुख्य निर्वाचन अधिकारी उत्तर प्रदेश के निर्देशों के क्रम में अर्हता तिथि 01 जनवरी 2027 के आधार पर जनपद में विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 के अंतर्गत जिला निर्वाचन अधिकारी रविन्द्र कुमार ने समस्त राजनीतिक दलों/प्रतिनिधियों की उपस्थिति में कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक करके आवश्यक दिशा निर्देश दिया। जिला निर्वाचन अधिकारी ने उपस्थित राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों को अवगत कराया कि 17 नवम्बर से शुरू हुए दावे एवं आपत्ति के संदर्भ में कोई भी जनमानस डीईओ आजमगढ़ की वेबसाइट पर प्रतिदिन प्राप्त होने वाले फार्म 6, 7 व 8 की जानकारी एवं किन-किन व्यक्तियों का फार्म अपलोड हुआ है, आदि जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। उन्होंने सभी राजनीतिक पार्टियों से अविलम्ब बूथ लेवल एजेन्ट की तैनाती करने को कहा। 16 दिसम्बर तक चलने वाले दावे एवं आपत्ति के दौरान कोई भी मतदाता अपने संबंधित बूथ पर कार्यालय समयावधि में जाकर फार्म जमा कर सकता है। सभी मतदान केन्द्रों पर बीएलओ सहित एक अन्य शिक्षक को प्राधिकृत किया गया है जो फार्म लेकर बीएलओ रजिस्टर में अंकित करेगा।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों सहित जनमानस से अपील किया कि प्रत्येक विधान सभा से संबंधित तहसील कार्यालय में ईवीएम प्रदर्शन केन्द्र स्थापित किया गया है जहां वे जाकर ईवीएम वोटिंग प्रक्रिया के माध्यम से डमी वोटिंग कर वीवीपैट, बैलेट यूनिट, कन्ट्रोल यूनिट सहित पूरे मतदान प्रक्रिया की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 के अंतर्गत भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मतदान केंद्रों का युक्तिकरण/पुनर्व्यवस्थीकरण 2 नवंबर तक किया गया। एकीकृत आलेख्य मतदाता सूची का प्रकाशन 17 नवंबर को किया गया है। मतदाता सूची में दावे एवं आपत्तियां दाखिल करने की अवधि 17 नवंबर से 16 दिसंबर तक निर्धारित की गई है। प्राप्त दावे एवं आपत्तियों का निस्तारण 28 दिसंबर तक किया जाएगा तथा मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन 4 जनवरी 2027 को किया जाएगा। जनपद आजमगढ़ में 2 लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र एवं 10 विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र हैं। जनपद में कुल 2297 मतदान केंद्र तथा 4361 मतदेय स्थल हैं। पुनरीक्षण कार्य के लिए 4361 बीएलओ एवं 444 सुपरवाइजर तैनात हैं। इसके अतिरिक्त 10 निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी तथा 75 सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी नामित हैं।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने समस्त राजनितिक दलों के प्रतिनिधियों से कहा कि जल्द ही बूथ लेवत एजेन्ट की नियुक्ति कर सूची उपलब्ध करा दें। राजनीतिक दलों द्वारा नियुक्त बूथ लेवल एजेंट यदि एक बार में 10 या 10 से अधिक प्रारूप-6, 7 एवं 8 पर दावे/आपत्तियां प्रस्तुत करते हैं तो उन्हें भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित घोषणा-पत्र अनिवार्य रूप से देना होगा। उक्त घोषणा-पत्र बीएलओ को पर्याप्त संख्या में उपलब्ध कराया गया है। जनपद के सभी मतदाताओं से अपील किया कि वे आलेख्य मतदाता सूची में अपना नाम, विवरण एवं अन्य प्रविष्टियों की जांच अवश्य कर लें। यदि किसी प्रकार की त्रुटि हो अथवा नाम सम्मिलित कराने, हटाने या संशोधन की आवश्यकता हो तो निर्धारित अवधि 17 नवंबर से 16 दिसंबर के मध्य संबंधित प्रपत्र के माध्यम से अपना आवेदन प्रस्तुत करें, ताकि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में पंजीकरण से वंचित न रहे।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी उत्तर प्रदेश के निर्देशानुसार जनपद में 17 नवम्बर से मतदाता सूची के अंतिम प्रकाशन की तिथि 4 जनवरी 2027 तक डिस्ट्रिक्ट कॉन्टैक्ट सेंटर संचालित है। उक्त केंद्र के माध्यम से मतदाताओं को निर्वाचन संबंधी जानकारी एवं आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। इसके लिए टोल फ्री एवं संपर्क नंबर- 1950, 05462-1950, 05462-246398 एवं 18001805902 है। उप जिला निर्वाचन अधिकारी सिद्धार्थ ने बताया कि विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण के दौरान 28 एवं 29 नवम्बर को जनपद के समस्त बूथों पर विशेष अभियान दिवसों का आयोजन किया जाएगा। इन दिवसों में बूथ लेवल अधिकारी अपने बूथ पर आलेख्य मतदाता सूची तथा पर्याप्त संख्या में फॉर्मों के साथ उपस्थित रहेंगे। इस अवसर पर समस्त मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों के प्रतिनिधि, डिप्टी कलेक्टर आकाश आनंद, जिला सूचना अधिकारी डॉ0 पंकज कुमार, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी सहित अन्य संबंधित उपस्थित रहे।