2 से 15 अगस्त तक तीन चरणों में हर घर तिरंगा अभियान का होगा आयोजन: डीएम
963204
2 से 15 अगस्त तक तीन चरणों में हर घर तिरंगा अभियान का होगा आयोजन: डीएम
तेजस टूडे ब्यूरो
देवी प्रसाद शर्मा
आजमगढ़। जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार ने बताया कि भारत सरकार ने आज़ादी का अमृत महोत्सव के तत्वावधान में 2022 में हर घर तिरंगा अभियान शुरू किया था। इस अभियान का उद्देश्य नागरिकों को अपने घरों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने और तिरंगे के साथ व्यक्तिगत और भावनात्मक सम्बन्ध बनाने के लिए प्रोत्साहित करना है। पिछले कुछ वर्षों में यह राष्ट्रीय अस्मिता, देशभक्ति और गौरव के जन-भागीदारी आंदोलन के रूप में एक सफल अभियान बन चुका है।
जिलाधिकारी ने बताया कि इस हर घर तिरंगा अभियान को वर्ष 2022, 2023 और 2024 के दौरान 15 अगस्त को पूरे देश में घरों, कार्यालयों, संस्थानों और सार्वजनिक स्थानों पर प्रमुखता से तिरंगा फहराकर, सफलतापूर्वक क्रियान्वित किया गया। तिरंगे के साथ सेल्फी, प्रभात फेरी, तिरंगा रैलियाँ (बाइक और साइकिल रैलियों सहित), तिरंगा प्रदर्शनियाँ, और अन्य जमीनी स्तर की जन-भागीदारी जैसी गतिविधियों ने स्वतन्त्रता दिवस समारोह को देशभक्ति से भरपूर और देश भर में व्यापक रूप से मनाया जाने वाला उत्सव बना दिया है। यह अभियान जनता के लिए उन स्वतन्त्रता सेनानियों और सैनिकों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करने का एक विशेष अवसर भी है जिन्होंने राष्ट्र की सेवा और तिरंगे के सम्मान में अपने प्राणों की आहुति दी है।
इसी भावना को जारी रखते हुए संस्कृति मंत्रालय, भारत सरकार (राष्ट्रीय कार्यान्वयन समिति द्वारा 24 जुलाई को अनुमोदित) के सर्कुलर के अनुसार क्रियान्वित किए जाने हेतु पूरे देश में 2 से 15 अगस्त की अवधि में तीन चरणों में हर घर तिरंगा अभियान 2025 आयोजित करने का निर्णय लिया है। उन्होने बताया कि प्रथम चरण 2 से 8 अगस्त तक, द्वितीय चरण 9 से 12 अगस्त तक एवं तृतीय चरण 13 से 15 अगस्त तक चलेगा।
जिलाधिकारी ने शिक्षा विभाग को निर्देशित किया है कि हर घर तिरंगा 2025 के अन्तर्गत प्रथम चरण (2 से 8 अगस्त) में स्कूलों की दीवारों और बोडों को तिरंगा से प्रेरित कला से सजाना, संस्कृति मंत्रालय द्वारा प्रदान की गई प्रदर्शनियों का प्रदर्शन मुख्य कार्यक्रमों के दौरान एवं शैक्षणिक संस्थानों, सरकारी भवनों आदि चिन्हित स्थानों पर किया जाय। स्कूलों, कॉलेजों, सार्वजनिक स्थानों आदि पर तिरंगा रंगोली प्रतियोगिताओं का आयोजन, तिरंगा राखी बनाने की कार्यशालाएँ और प्रतियोगिताएँ आयोजित करें तथा सैनिकों और पुलिसकर्मियों को आभार पत्र लिखकर डाक विभाग के समन्वय से राखियाँ भेजना एवं सार्वजनिक स्थानों/बाज़ारों को तिरंगे रंगों को प्रदर्शित करने के लिए तिरंगे धागों युक्त तिरंगा बुनाई और धागे की गतिविधि का आयोजन किया जाए।द्वितीय चरण (दिनांक 09 से 12 अगस्त 2025) के अन्तर्गत तिरंगा महोत्सव के रूप में एक बडा आयोजन किया जाएगा, जिसमें एक ही दिन वृहद तिरंगा मेला और भव्य तिरंगा म्यूज़िकल कांसर्ट आयोजित किया जायेगा। प्रदेश स्तरीय तिरंगा महोत्सव का आयोजन किसी प्रमुख स्थल पर व्यापक जनभागीदारी के साथ किया जाएगा।
कार्यक्रम का नेतृत्व राज्यपाल/मुख्यमंत्री करेंगे। कार्यक्रम में स्थानीय विधायकगण, सांसदगण सहित अन्य विशिष्ट व्यक्तियों एवं खिलाड़ियों की उपस्थिति भी सुनिश्चित की जाएगी। तिरंगा महोत्सव आयोजित किए जाने वाले प्रमुख स्थल पर तिरंगा मेला का भी आयोजन किया जाएगा जिसमें प्रदेश सरकार के ग्रामीण विकास विभाग के स्वयं सहायता समूह द्वारा निर्मित उत्पाद तथा सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम विभाग के सहयोग से निर्मित उत्पादों, स्थानीय उत्पादों (ओडीओपी), तिरंगा रंग की थीम वाली वस्तुओं (खाद्य सामग्री/परिधान/वस्त्र/श्रृंगार सामग्री आदि) की विक्री पर केन्द्रित तिरंगा मेला (सरस मेले के समान) का आयोजन किया जायेगा।
तिरंगा मेला में तिरंगा प्रदर्शनी का प्रदर्शन भी किया जायेगा। वेबसाइट पर सेल्फी अपलोड करने के लिए हर घर तिरंगा सेल्फी बूथों को प्रमुखता से प्रदर्शित किया जायेगा और उचित ब्रांडिंग के साथ सुविधा प्रदान की जायेगी। वीआईपी कार्यक्रम के दिन, व्यापक जनभागीदारी के साथ, प्रसिद्ध और स्थानीय कलाकारों द्वारा देशभक्तिपूर्ण सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ भव्य तिरंगा संगीत कार्यक्रम का आयोजन किया जायेगा। उन्होंने बताया कि गृह विभाग/पुलिसकर्मियों, अर्धसैनिक बलों, एन०सी०सी०, एन०एस०एस०, सिविल डिफैन्स, होमगार्ड्स एवं खेल विभाग आदि के सहयोग से तिरंगा बाइक रैली और/या तिरंगा साइकिल रैली का आयोजन किया जायेगा। बृहद तिरंगे कपड़े के साथ तिरंगा रैलियों/यात्राओं का आयोजन किया जाय। ये आयोजन सभी शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों ब्लॉकों और पंचायतों में आयोजित किए जायेंगे जिनमें स्कूली बच्चों, युवाओं और समाज के सभी वर्गों के लोगों की भागीदारी सुनिश्चित हो। इस हेतु रिकॉर्ड बनाने के प्रयास किए जाए।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि तिरंगा और उससे सम्बन्धित वस्तुओं आदि की बिक्री को व्यापक रूप से प्रोत्साहित करते हुए स्थानीय बाजारों में सौंदर्यपरक तिरंगा प्रकाश और सजावट किया जाए। स्वयं सहायता समूहों, पी०डी०एस० दुकानों, खादी भंडारों और स्थानीय बाज़ार के वस्त्रालयों आदि के माध्यम से तिरंगा की बिक्री और वितरण का प्रबंधन किया जाय। समस्त विभिन्न प्रकार के माध्यमों से प्रचार-प्रसार की कार्यवाही सुनिश्चित की जाए। उन्होंने समस्त संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि तृतीय चरण 13 से 15 अगस्त के मध्य सभी शासकीय भवनों, शैक्षणिक संस्थानों, होटलों, कार्यालयों, बाँधों, पुलों आदि पर ध्वजारोहण समारोह और तिरंगा प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। नागरिकगण को तिरंगे के साथ सेल्फी लेकर उसे वेबसाइट पर अपलोड करने के लिए प्रोत्साहित किया जाय। समस्त जनपद स्तरीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि शासन के निर्देशानुसार व्यापक जनसहभागिता से हर घर तिरंगा कार्यक्रम के सफल क्रियान्वयन हेतु कार्यवाही सुनिश्चित करें।
आधुनिक तकनीक से करायें प्रचार, बिजनेस बढ़ाने पर करें विचार हमारे न्यूज पोर्टल पर करायें सस्ते दर पर प्रचार प्रसार।