वोट की ताकत समझाने स्कूल पहुंचे डीएम
बोले- लोकतंत्र के दर्शक नहीं, बल्कि भागीदार बनें युवा

तेजस टूडे ब्यूरो
नन्द कुमार मिश्रा
लखीमपुर खीरी। लोकतंत्र की मजबूती किसी एक व्यवस्था या संस्थान से नहीं, बल्कि जागरूक नागरिकों की सक्रिय भागीदारी से तय होती है। एक वोट की ताकत देश की दिशा और दशा बदलने का सामर्थ्य रखती है। इसी लोकतांत्रिक ताकत का अहसास कराने के लिए डीएम अंजनी सिंह आजमानी इंटरनेशनल स्कूल पहुंचे। यहां उन्होंने इंटरमीडिएट के छात्र-छात्राओं से सीधा संवाद कर उन्हें मताधिकार का महत्व समझाया और लोकतंत्र में महज दर्शक नहीं, बल्कि सक्रिय भागीदार बनने का संदेश दिया। विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए डीएम ने कहा कि आगामी एक जनवरी 2027 को 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले युवा बिना किसी संकोच के फॉर्म-6 भरकर मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराएं। उन्होंने स्पष्ट किया कि वोट देना केवल संवैधानिक अधिकार नहीं, बल्कि लोकतंत्र के प्रति नागरिक की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी भी है। युवा खुद मतदाता बनें और अपने परिवार व आसपास के पात्र लोगों को भी पंजीकरण के लिए प्रेरित करें।
जनता के हाथ में है लोकतंत्र की असली ताकत
लोकतंत्र की अवधारणा को सरल और प्रभावशाली अंदाज में समझाते हुए डीएम ने कहा कि देश का संचालन ‘हम भारत के लोग’ करते हैं। प्रशासनिक अधिकारी जनता के सेवक हैं जो जनप्रतिनिधियों द्वारा बनाए गए नियमों और नीतियों को लागू करते हैं। जनप्रतिनिधियों के चयन की वास्तविक शक्ति जनता के पास है और इस शक्ति का सबसे महत्वपूर्ण माध्यम उसका वोट है। उन्होंने बताया कि वर्ष 1989 में मतदान की न्यूनतम आयु 21 से घटाकर 18 वर्ष किए जाने का उद्देश्य युवाओं को भी देश के भविष्य से जुड़े निर्णयों में भागीदार बनाना था। आंकड़ों के माध्यम से उन्होंने मतदाता पंजीकरण की जरूरत और महत्व को भी रेखांकित किया।
सवाल पूछें, झिझक छोड़ें एवं अपनी सोच को दें उड़ान
मतदाता जागरूकता के साथ डीएम ने विद्यार्थियों को जीवन में आगे बढ़ने का प्रेरक संदेश भी दिया। साथ ही कहा कि पियर प्रेशर और अनावश्यक संकोच से बाहर निकलकर अपनी बात खुलकर रखनी चाहिए। सवाल पूछने से कभी नहीं हिचकना चाहिए, क्योंकि जिज्ञासा ही ज्ञान का रास्ता खोलती है और स्पष्ट सोच व्यक्ति को मजबूत बनाती है। कार्यक्रम के समापन पर डीएम ने विद्यार्थियों को मतदाता जागरूकता का दूत बनने का संकल्प दिलाया। स्कूल से निकलकर यह संदेश घर-घर तक पहुंचना चाहिए। विद्यार्थी अपने परिवार के सदस्यों से मतदाता पंजीकरण पर चर्चा करें और मतदाता सूची से छूटे पात्र लोगों के नाम जुड़वाने में सक्रिय भूमिका निभाएं। प्रशिक्षु एसडीएम श्वेता द्विवेदी ने भी विद्यार्थियों को मत और मताधिकार की अहमियत समझाई। लोकतांत्रिक व्यवस्था में प्रत्येक वोट का अपना महत्व है। पात्रता पूरी होते ही मतदाता सूची में नाम दर्ज कराना और मतदान के अधिकार के प्रति जागरूक रहना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। उन्होंने युवाओं से लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील किया। इस अवसर पर आजमानी इंटरनेशनल स्कूल के प्रमुख जसमीत सिंह आजमानी, डायरेक्टर ब्रह्मजीत सिंह आजमानी, शिक्षक, कोऑर्डिनेटर आदि मौजूद रहे।







