बधाई मांगने को लेकर किन्नरों के दो पक्षों में हुआ विवाद

  • बधाई मांगने को लेकर किन्नरों के दो पक्षों में हुआ विवाद

तेजस टूडे ब्यूरो
चुन्नन खां
पीलीभीत‌। क्षेत्र में बधाई मांगकर जीवनयापन करने वाली एक किन्नर ने दूसरे पक्ष के लोगों पर मारपीट करने और अपने क्षेत्र में बधाई मांगने से जबरन रोकने का आरोप लगाया है। पीड़िता ने पुलिस क्षेत्राधिकारी को शिकायती पत्र देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई और सुरक्षा की मांग किया।
शिकायत के अनुसार श्रीदेवी चेला श्यामा देवी निवासी मैलानी, गोला जिला लखीमपुर खीरी ने बताया कि उन्हें उनकी गुरु श्यामा देवी चेला दिलबहार की ओर से वसीयत के रूप में सेहरामऊ क्षेत्र मिला है। वह अपने साथियों के साथ इसी क्षेत्र में बधाई मांगकर जीवनयापन करती हैं। आरोप है कि इंतजार उर्फ काजल नामक किन्नर अपने साथियों के साथ उनके क्षेत्र में हस्तक्षेप करता है। विरोध करने पर उनके और उनके साथियों के साथ गाली-गलौज व मारपीट की जाती है और बधाई मांगने से रोका जाता है।
पीड़िता ने आरोप लगाया कि दबंग लोगों के सहयोग से उन्हें लगातार परेशान किया जा रहा है। साथ ही गढवा खेड़ा चौकी प्रभारी पर दूसरे पक्ष को संरक्षण देने का आरोप लगाया है। उन्होंने खुद और अपने साथियों की जान-माल की सुरक्षा को खतरा बताते हुए पुलिस क्षेत्राधिकारी से निष्पक्ष जांच कर आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग किया है।