राजकीय महिला महाविद्यालय में मनाया गया संविधान दिवस

  • राजकीय महिला महाविद्यालय में मनाया गया संविधान दिवस

तेजस टूडे ब्यूरो
बृजेन्द्र कुमार
हमीरपुर। संविधान दिवस पर राजकीय महिला महाविद्यालय में हर्षोल्लास के साथ भव्य कार्यक्रम किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में राज्यसभा सांसद हमीरपुर बाबूराम निषाद उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों के आगमन एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत के साथ हुआ। इसके उपरांत मुख्य अतिथि एवं महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. सबा कौसर ने मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन एवं माल्यार्पण किया। साथ ही संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अम्बेडकर के चित्र पर माल्यार्पण करके उन्हें नमन किया गया। सांस्कृतिक कार्यक्रम के अंतर्गत छात्रा भूमि सेन ने सरस्वती वंदना एवं स्वागत गीत प्रस्तुत किया।
महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. सबा कौसर ने स्वागत उद्बोधन दिया। इसके पश्चात राजनीति विज्ञान के प्राध्यापक डॉ. मनीष कुमार एवं आलोक कुमार ने संविधान दिवस के महत्व एवं संवैधानिक मूल्यों पर अपने विचार व्यक्त किए। छात्राओं काव्या यादव एवं स्मिता राज सिंह ने भी संविधान दिवस के संबंध में अपने विचार साझा किए। मुख्य अतिथि श्री निषाद ने अपने संबोधन में संविधान की महत्ता, उसके मूल आदर्शों एवं नागरिकों के अधिकारों और कर्तव्यों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने केंद्र एवं प्रदेश सरकार द्वारा संचालित विकास कार्यों तथा जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए छात्राओं को इनसे अवगत कराया।
इस अवसर पर सांसद प्रतिनिधि अशोक तिवारी, जिला विद्यालय निरीक्षक मुकेश गुप्ता, विभिन्न विद्यालयों के शिक्षक, महाविद्यालय के प्राध्यापक डॉ. अशोक बाबू, डॉ. लव कुश सहित अन्य शिक्षक, कर्मचारीगण, छात्राएं आदि की उपस्थित रहीं। कार्यक्रम का संचालन प्राध्यापक आलोक कुमार ने किया।