क्षेत्रीय पूर्णकालिक कार्यकर्ता वर्ग की योजना बैठक में तैयारियों पर हुआ मंथन

  • क्षेत्रीय पूर्णकालिक कार्यकर्ता वर्ग की योजना बैठक में तैयारियों पर हुआ मंथन

तेजस टूडे ब्यूरो
चुन्नन खां
पीलीभीत। विद्या भारती के तत्वावधान में आगामी पूर्णकालिक कार्यकर्ता वर्ग के सफल एवं सुचारु संचालन की योजना को लेकर रामस्वरूप रामदुलारी सरस्वती विद्या मंदिर सीनियर सेकेंडरी स्कूल पूरनपुर में क्षेत्रीय योजना बैठक हुई। बैठक का शुभारंभ गायत्री मंत्र के सामूहिक उच्चारण के साथ हुआ। बैठक में पूर्णकालिक कार्यकर्ता वर्ग (16 से 21 दिसम्बर तक) को प्रभावी, व्यवस्थित एवं सुचारु रूप से संचालित करने के उद्देश्य से विभिन्न विषयों पर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई। इस वर्ग में पूरनपुर के तीन विद्यालयों— आर.एस.आर.डी. सरस्वती विद्या मंदिर सीनियर सेकेंडरी स्कूल, सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज एवं मोहन सरस्वती शिशु मंदिर के कार्यकर्ताओं की सहभागिता रहेगी। वर्ग में अखिल भारतीय एवं प्रांतीय स्तर के अधिकारियों सहित संगठन मंत्री, प्रदेश निरीक्षक, सह प्रदेश निरीक्षक, संभाग निरीक्षक, जिला निरीक्षक तथा विभिन्न विषयों के प्रमुख प्रतिभाग करेंगे। इस वर्ग में लगभग 70 प्रतिभागियों के सम्मिलित होंगे।
योजना बैठक में विद्या भारती ब्रज प्रदेश के संगठन मंत्री हरिशंकर जी, भारतीय शिक्षा समिति ब्रज प्रदेश के प्रदेश निरीक्षक यशवीर सिंह तथा ब्रज प्रदेश के प्रांतीय शिशु वाटिका संयोजक राम किशोर श्रीवास्तव की गरिमामयी उपस्थिति रही। बैठक के प्रथम चरण में तीनों विद्यालयों के प्रधानाचार्य बंधुओं एवं आचार्य बंधुओं के साथ वर्ग की रूप—रेखा, कार्ययोजना एवं विभिन्न दायित्वों को लेकर चर्चा की गई। इसके पश्चात विद्यालयों की प्रबंध कार्यकारिणी समितियों के साथ बैठक करके आवास, भोजन, अतिथि सत्कार, व्यवस्था एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। सभी व्यवस्थाओं को समयबद्ध एवं व्यवस्थित ढंग से पूर्ण करने की कार्ययोजना बनाई गई।
इस अवसर पर आर.एस.आर.डी. विद्यालय के अध्यक्ष केशव गुप्ता, प्रबंधक हर्ष गुप्ता, कोषाध्यक्ष देवेश अग्रवाल, सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज के अध्यक्ष बृजेश गुप्ता, प्रबंधक हरिबल्लभ सहित प्रबंध समिति के अन्य सदस्य उपस्थित रहे। विद्यालय के प्रधानाचार्य सौरभ वार्ष्णेय ने सभी अतिथियों एवं उपस्थित पदाधिकारियों का स्वागत किया। बैठक में सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने आपसी समन्वय, सहयोग एवं दायित्वबोध के साथ वर्ग को सफल बनाने का संकल्प लिया।